केंद्रों पर उमड़ रही भीड़, वैक्सीन के साथ बीमारी भी घर आने का भय

केंद्रों पर उमड़ रही भीड़, वैक्सीन के साथ बीमारी भी घर आने का भय

Anita Peddulwar
Update: 2021-05-05 10:38 GMT
केंद्रों पर उमड़ रही भीड़, वैक्सीन के साथ बीमारी भी घर आने का भय

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कोराेना महामारी से लोगों को बचाने के लिए कई नियमों का पालन करने को कहा गया है। इसमें एक नियम यह भी है कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जाए। लेकिन सरकारी केंद्रों पर ही इसका पालन नहीं हो रहा है। इस समय केवल 8 केंद्रों पर वैक्सीन दी जा रही है। केंद्र कम होने के कारण कुछ केंद्रों पर भारी भीड़ होती है। मंगलवार को स्व. प्रभाकरराव दटके महल रोगनिदान केंद्र में कोवैक्सीन दी जा रही थी। यहां काफी भीड़ हो चुकी थी। यह कहा जा सकता है कि इस सेंटर पर वैक्सीन के साथ कोरोना भी मुफ्त में मिल सकता है।1647 ने ली वैक्सीन

शहर में मंगलवार को केवल 8 केंद्रों पर वैक्सीनेशन शुरू था। इन केंद्राें में इंदिरा गांधी रुग्णालय, स्टेशन मेडिकेयर सेंटर, अाइसोलेशन अस्पताल, मेडिकल, मेयो, स्व. प्रभाकरराव दटके महल रोगनिदान केंद्र, पांचपावली सूतिकागृह और डिक दवाखाना शामिल है। इनमें से तीन केंद्रों पर 18 प्लस को और बाकी केंद्रों पर 45 प्लस को वैक्सीन दी जा रही है। मंगलवार को 18 प्लस वर्ग के 700 लोगों को वैक्सीन लगाई गई है। इनके अलावा पहला डोज लेन वालों की संख्या 530 रही। वहीं दूसरा डोज लेनेवालों की संख्या 417 थी। कुल मिलाकर मंगलवार को 1647 लोगों ने वैक्सीन ली।

केंद्र को दिया गया  प्रतिदिन 350 डोज लगाने का लक्ष्य
स्व. प्रभाकरराव दटके महल रोगनिदान केंद्र को 2000 डोज कोवैक्सीन के दिए गए हैं। इस केंद्र का प्रतिदिन का लक्ष्य 350 डोज देने का है। यहां 45 प्लस वालों को डोज दिए जा रहे हैं। वैक्सीनेशन के 8 केंद्रों में से यह केंद्र ऐसा है, जो पूर्व, मध्य और उत्तर नागपुर के लिए एकमात्र है। इसलिए इस केंद्र के शुरू होने की खबर मिलने से लोग यहां सुबह से पहुंचने लगे थे। दोपहर के 12 बजे तक यहां काफी भीड़ हो गई थी। इस भीड़ को संभालना मुश्किल हो चुका था। भीड़ होने का दूसरा कारण यह भी था कि इस केंद्र पर कोविशिल्ड लगाने वाले लोग भी जमा हो गए थे। लोगों को इस बात की जानकारी ही नहीं थी कि वहां कोवैक्सीन लगाई जा रही है। यह बात बार-बार बताई जा रही थी।


 

Tags:    

Similar News