विदर्भ में कोरोना संक्रमितों के आंकड़े हुए कम, संभली स्थिति

विदर्भ में कोरोना संक्रमितों के आंकड़े हुए कम, संभली स्थिति

Anita Peddulwar
Update: 2020-10-24 14:14 GMT
विदर्भ में कोरोना संक्रमितों के आंकड़े हुए कम, संभली स्थिति

डिजिटल डेस्क, चंद्रपुर, वर्धा, गड़चिरोली, गोंदिया, भंडारा, अमरावती,  यवतमाल।  धीरे-धीरे विदर्भ के सातों जिलों में कोरोना संक्रमितों के आंकड़ों में कमी आती जा रही है। अमरावती और यवतमाल में कोरोना संक्रमण से स्थिति लगभग नियंत्रण से बाहर होती जा रही थी लेकिन अब हालात काफी हद तक संभल चुके हैं। वहीं शनिवार को चंद्रपुर में 4, वर्धा में 3 और गड़चिरोली जिले में 2 लोगों की कोरोना से मृत्यु की खबर मिली है।  चंद्रपुर जिले में पिछले 24 घंटे में 4 मरीजों ने कोरोना से जूझते हुए दम तोड़ दिया। वहीं 197 नए मरीज भी मिले हैं। जिले में अब संक्रमितों का आंकड़ा 14,584 पर पहुंच चुका है। इनमें से  11,439 लोग स्वस्थ भी हुए हैं। मृतकों की संख्या भी 217 पर पहुंच गई है। फिलहाल 2928  लोगों का इलाज चल रहा है। वर्धा जिले में  पिछले 24  घंटे में 3 लोग कोरोना से जंग हार गए।  53 नए मरीज भी मिले हैं।

अब तक जिले में 6073  लोग संक्रमण का शिकार हो चुके हैं। इनमें से 5315 लोग स्वस्थ भी हुए हैं। जबकि  196  लोगों की मौत हो चुकी है।  गड़चिरोली जिले में भी शनिवार को कोरोना से 2 मौत दर्ज की गई। 102 संक्रमित भी मिले हैं। इसके साथ ही संक्रमितों का आंकड़ा 5180 पर पहुंच गया है। इनमें से 4252 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। अब तक जिले में अब तक 48 लोग कोरोना से जंग हार चुके हैं। गोंदिया में शनिवार को एक भी मृत्यु दर्ज नहीं हुई लेकिन 85 नए मरीज पाए गए हैं। नए मरीजों के साथ जिले में संक्रमितों की संख्या 9229 पर पहुंच गई है। इनमें से 8117 स्वस्थ भी हुए हैं। भंडारा जिले में शनिवार को 1 मरीज की मौत के साथ 90 नए मरीज भी मिले हैं। जिले में अब तक 7877 लोग संक्रमित हो चुके हैं जिनमें से 6६६४ ने कोरोना को मात देने में सफलता पायी है। 199 लोग कोरोना के चलते दम तोड़ चुके हैं।  अमरावती में शनिवार को 1 व्यक्ति को कोरोना लील गया जबकि 61 नए संक्रमित भी पाए गए। इसके साथ ही मृतकों की संख्या 358 पर पहुंच गई है। 15,900 लोग संक्रमित हो चुके हैं जिनमें से 14,608  लोग स्वस्थ हुए हैं। 934  लोगों का इलाज चल रहा है। यवतमाल में भी पिछले 24 घंटे में कोरोना से 1 मौत दर्ज हुई है। साथ ही 57 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। इन मरीजों के साथ ही जिले में संक्रमितों की संख्या 9879 पर पहुंच चुकी है। इनमें से 8761 लोग स्वस्थ भी हुए हंै। 

अकोला में 31 नए संक्रमित
शनिवार को अकोला में किसी कोरोना मरीज की मौत नहीं हुई, अलबत्ता 31 नए संक्रमित मरीज पाए जाने के बाद कुल संक्रमितों की तादाद बढ़कर 8,245 तक पहुंच गई है। शनिवार को 15 मरीज डिस्चार्ज हुए। अब तक कुल डिस्चार्ज मरीजों की तादाद 7,474 हो गई है। अबतक 270 कोरोना बाधित मरीजों की मौत दर्ज की गई है। 496 एक्टिव मरीज इस समय इलाजरत है। 
 
बुलढाणा में 91 पाजिटिव मिले

 जिले में शनिवार को इलाजरत 1 मरीज की मौत हो गई तथा 91 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। अब कुल संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 8,967 तथा मृतकों का आंकड़ा 120 पर पहुंच गया है। 97 मरीजों ने कोरोना पर मात करने से अब स्वस्थ हो चुके मरीजों की संख्या 8,204 हो गई है। 643 एक्टिव मरीजों पर उपचार जारी है। 
 
वाशिम में 4 मरीजों की मौत
 जिले में शनिवार को इलाजरत 4 मरीजों ने दम तोड़ दिया तथा 21 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। जिससे कुल संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 5,292 तथा मृतकों का आंकड़ा 121 पर पहुंच गया है। जिले के विविध कोविड केअर सेंटरों में 623 एक्टिव मरीजों पर उपचार जारी है। 61 मरीजों के ठीक होने से अब स्वस्थ हो चुके मरीजों की तादाद 4,670 पर पहुंच गई है। 

Tags:    

Similar News