कापेवंचा मुठभेड़ में मृत महिला नक्सली का शव बरामद

गड़चिरोली कापेवंचा मुठभेड़ में मृत महिला नक्सली का शव बरामद

Anita Peddulwar
Update: 2022-10-01 12:14 GMT
कापेवंचा मुठभेड़ में मृत महिला नक्सली का शव बरामद

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली।    अहेरी उपविभाग के कापेवंचा जंगल परिसर में नक्सलियों के साथ हुई भीषण गोलीबारी के बाद चलाए गए सर्चिंग आॅपरेशन में एक महिला नक्सली का शव बरामद करने में सुरक्षाबलों को सफलता मिली है। साथ ही घटनास्थल से बड़े पैमाने पर नक्सली सामग्री भी जब्त की गई। शुक्रवार को जिला पुलिस विभाग के विशेष हेलिकॉप्टर की मदद से ढेर महिला नक्सली का शव जिला अस्पताल पहुंचाया गया। नक्सलियों के विलय सप्ताह के अंतिम दिन सुरक्षाबलों को यह बड़ी सफलता हाथी लगी है। उक्ताशय की जानकारी शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अंकित गोयल ने एक पत्र-परिषद में दी। 

एसपी गोयल ने बताया कि, अहेरी उपविभाग के राजाराम खांदला उपपुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले कापेवंचा जंगल परिसर में 30 से 40 की संख्या में बंदूकधारी मौजूद होने की गुप्त सूचना विशेष अभियान दल (सी-60) के जवानों को मिली। जानकारी के मिलते ही बुधवार 28 सितंबर की शाम 6 बजे के दौरान नक्सल खोज मुहिम आरंभ की गई।  इस बीच घने जंगलों में घात लगाए बैठे नक्सलियों ने अचानक पुलिस बल पर गोलियां बरसाना शुरू कर दिया। करीब एक घंटे तक दोनों ओर से तेज गोलीबारी चलती रही। इस बीच पुलिस के बढ़ते दबाव को देख नक्सली घने जंगलों में फरार हो गए। घटनास्थल पर मौजूद सुरक्षाबलों के लिए जवानों की अतिरिक्त तुकड़ी को तुरंत रवाना किया गया। जिसके बाद मूसलाधार बारिश के बीच में भी नक्सल खोज मुहिम जारी रही।

इस दाैरान गुरुवार 29 सितंबर की सुबह भी नक्सलियों के साथ जमकर गोलीबारी हुई। इस वक्त भी अपने आप को कमजोर होते देख नक्सली घटनास्थल से फरार हो गए। गुरुवार को दिनभर कापेवंचा जंगल परिसर में सर्चिंग ऑपरेशन चलाया गया। अभियान के दौरान एक महिला नक्सली का शव बरामद करने में सुरक्षाबल सफल हुए हैं। साथ ही शव के साथ 8 एम.एम. राइफल समेत बड़े पैमाने पर नक्सली सामग्री बरामद की गई है। नक्सलियों द्वारा जिले में 20 से 27 सितंबर की कालावधि में विलय सप्ताह मनाया जा रहा था। सप्ताह के अंतिम दिन पुलिस को मिली इस सफलता के कारण नक्सलवाद एक बार फिर बैकफुट पर चला गया है। इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक गोयल ने सुरक्षाबलों की तारीफ भी की। पत्र-परिषद में एसपी गोयल के साथ अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) सोमय मुंडे, अपर पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) समीर शेख प्रमुखता से उपस्थित थे। 

Tags:    

Similar News