वॉट्सएप ग्रुप से बाहर निकाला तो एडमिन पर जानलेवा हमला

वॉट्सएप ग्रुप से बाहर निकाला तो एडमिन पर जानलेवा हमला

Anita Peddulwar
Update: 2020-10-27 06:28 GMT
वॉट्सएप ग्रुप से बाहर निकाला तो एडमिन पर जानलेवा हमला

डिजिटल डेस्क, नागपुर। वॉट्सएप ग्रुप में दो सदस्यों ने ऐसा मैसेज डाला, जिस पर शेष सदस्यों को आपत्ति थी। सबने मिलकर ग्रुप एडमिन से शिकायत की। ग्रुप एडमिन ने मैसेज डालने वाले दोनों सदस्यों को ग्रुप से निकाल दिया। इससे गुस्साए दोनों सदस्यों ने ग्रुप एडमिन पर जानलेवा हमला किया। दोनों के खिलाफ सदर थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। घटना 23 अक्टूबर की है।

यह है मामला
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रेसीडेंसी रोड, मेश्राम पुतला चौक, सदर निवासी सुनील करमचंद अभिचंदानी मनपा में ठेकेदार हैं। सुनील ने एक वॉट्सएप ग्रुप बनाया है। इसमें महानगरपालिका के ही ठेकेदार  सिंधी कॉलोनी, वैशालीनगर निवासी चंद्रमणि यादव (50) और छत्रपति यादव (49) को जोड़ रखा है। ग्रुप में चंद्रमणि और छत्रपति ने कुछ पहले ही कोई मैसेज डाला था। इस मैसेज पर बाकी सदस्यों ने आपत्ति जताई। परंतु चंद्रमणि और छत्रपति ने कोई उत्तर नहीं दिया। ग्रुप एडमिन सुनील तक शिकायत पहुंची, तो उसने चंद्रमणि और छत्रपति को ग्रुप से निकाल दिया।

पहले मोबाइल पर फोन कर गाली-गलौज
ग्रुप से निकालने के बाद चंद्रमणि और छत्रपति चिढ़ गए। आरोप है कि दोनों ने पहले मोबाइल पर फोन कर के सुनील से गाली-गलौज की। जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद 23 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे चंद्रमणि और छत्रपति ने सुनील को फोन कर महानगरपालिका कार्यालय के पास बुलाया। दोनों ने सुनील से ग्रुप से निकालने की बात पर विवाद किया। इसके बाद दोनों ने कुर्सी और लोहे की छन्नी से सुनील पर हमला कर दिया। सुनील जख्मी हो गया। सुनील को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुनील अभिचंदानी की शिकायत पर पुलिस ने चंद्रमणि यादव और छत्रपति यादव के खिलाफ  प्रकरण दर्ज किया है।

Tags:    

Similar News