जानिए पाकिस्तान से लौटे युवक ने सीएम शिवराज सिंह को क्यों दी जान से मारने की धमकी

जानिए पाकिस्तान से लौटे युवक ने सीएम शिवराज सिंह को क्यों दी जान से मारने की धमकी

Bhaskar Hindi
Update: 2018-08-09 11:19 GMT
जानिए पाकिस्तान से लौटे युवक ने सीएम शिवराज सिंह को क्यों दी जान से मारने की धमकी

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश साइबर सेल ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। इन दोनों भाईयों ने ट्विटर के जरिए सीएम को धमकी दी थी। इन भाइयों ने 2 अगस्त से 7 अगस्त के बीच करीब 5 बार ट्वीट करते हुए सीएम शिवराज को मारने की धमकी दी थी। गिरफ्तार किए गए एक भाई जितेंद्र का पाकिस्तान से संबंध है। जितेंद्र पाकिस्तान की जेल में सजा काट चुका है। साइबर पुलिस दोनों भाइयों को उनके गांव भरघाट, जिला सिवनी से गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए दोनों भाइयों में से एक का नाम भरत और दूसरे का जितेंद्र अर्जुनवार बताया जा रहा है। जितेंद्र 2012 में अपना घर छोड़कर मुंबई भाग गया था। परिवार वालों ने उसकी खूब खौज की, लेकिन कहीं उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद सन् 2016 में पता चला की जितेंद्र पाकिस्तान की जेल में बंद है। इसके बाद उसे छुड़ाने के लिए सोशल मीडिया पर बड़ा कैंपेन भी चलाया गया। पाकिस्तानी पत्रकार वीना सरवर और वहां की लीगल एड सोसायटी ने भी जितेंद्र की काफी मदद की थी।

काफी मशक्कत और सोशल मीडिया पर चले कैंपेन की मदद से इसी साल 18 मई को जितेंद्र को पाकिस्तान जेल से बाहर लाने में कामयाबी मिली। जेल से छूटने के बाद जितेंद्र वापस अपने वतन भारत लौट आया। साइबर सेल की प्रारंभिक पूछताछ में जितेंद्र ने बताया है कि जब वो पाकिस्तान की जेल से छूटकर आया था तब उसे प्रदेश सरकार ने मदद का भरोसा दिया था, लेकिन ढाई महीने बाद भी कुछ नहीं हुआ तो उसने मुख्यमंत्री को धमकी दे दी। 

शिवराज सिंह सिवनी आए तो जान से मार देंगे
आरोपी जितेंद्र ने धमकी भरे पोस्ट में लिखा था "अगर CM की जन आशीर्वाद यात्रा या फिर CM शिवराज सिंह चौहान खुद सिवनी आए तो जान से मार दूंगा।" फिलहाल दोनों भाइयों को गिरफ्तार करने के बाद साइबर सेल हर एक पहलू की बारिकी से जांच कर रही है। 

Similar News