शक्कर नहीं मिलने से फीकी रही दिवाली

शक्कर नहीं मिलने से फीकी रही दिवाली

Anita Peddulwar
Update: 2020-11-16 08:51 GMT
शक्कर नहीं मिलने से फीकी रही दिवाली

डिजिटल डेस्क, नागपुर।   राज्य सरकार द्वारा दीपावली पर्व पर प्राधान्य व अंत्योदय कार्ड धारकों को रियायत दर पर एक किलो शक्कर देने की घोषणा की थी, लेकिन अभी तक जरूरतमंदों तक शक्कर नहीं पहुंच पाने से तमाम दावों के बावजूद गरीबों की दीपावली फीकी ही रह गई। जानकारी के अनुसार अब तक शहर में सिर्फ 15 हजार किलो ही शक्कर पहुंच पाई, जबकि कार्डधारकों के हिसाब से तकरीबन 4 लाख किलो की जरूरत है। 

शहर में 3.50 प्राधान्य व 50 हजार अंत्योदय कार्डधारक
राज्य के खाद्यान्न आपूर्ति मंंत्री छगन भुजबल ने 9 नवंबर को अन्न सुरक्षा योजना के लाभार्थियों को 20 रुपए की दर से एक किलो शक्कर देने की घोषणा की थी। शहर में 3.50 लाख प्राधान्य व लगभग 50 हजार अंत्योदय कार्डधारक हैं। प्रति कार्ड 1 किलो यानी करीब 4 लाख किलो शक्कर की जरूरत है। खाद्यान्न विभाग ने इस संदर्भ में 10 नवंबर को आदेश जारी किया। 11 व 12 नवंबर को राशन दुकानदारों ने चालान जमा किए।  मंत्री महाेदय द्वारा ऐन दिवाली के करीब रहने पर घोषणा की गई थी। ऐसे में नियोजन के अभाव में सिर्फ 15 हजार किलो शक्कर ही शहर में पहुंच सकी है।

शक्कर मिलने की उम्मीद में कई लोग राशन दुकानों तक पहुंचे, लेकिन शक्कर नहीं आने का जवाब सुनकर बैरंग लौट गए। राशन दुकानदार भी कार्ड धारकों को समझाते-समझाते परेेशान हो गए। मंत्री की घोषणा पर अधिकारी भी विशेष टिप्पणी करने से बच रहे हैं। वस्तुस्थिति यह है कि इतने कम समय में सभी राशन दुकानों में शक्कर पहुंचना मुश्किल है। यह घोषणा यदि एक सप्ताह पहले की जाती तो समय रहते सभी जरूरतमंदों को शक्कर मिल सकती थी। राशन दुकानदारों का कहना है बगैर नियोजन के  सरकार ने घोषणा कर दी। अधिकारी खुद परेशान हो रहे हैं। 

अधिकारियों को जवाब देना हो रहा मुश्किल 
शहर के सभी राशन दुकानदारों ने चालान जमा किया। अब शक्कर नहीं पहुंचने से उपभोक्ता के अलावा राशन दुकानदार भी परेशान हो गए हैं। घोषणा सरकार ने करने से अधिकारी टिप्पणी करने से परहेज कर रहे हैं। बस इतना ही कह रहे है कि शीघ्र ही शक्कर पहुंच जाएगी। खाद्यान्न आपूर्ति अधिकारी अनिल सवई से संपर्क नहीं हो सका। स्वास्थ्य ठीक नहीं होने का जवाब एसएमएस के माध्यम से मिला। 
 

Tags:    

Similar News