करकटी में डबल मर्डर : एक शव घर के पीछे तो दूसरा कमरे के अंदर मिला, बिखरा हुआ था घर का सामान 

करकटी में डबल मर्डर : एक शव घर के पीछे तो दूसरा कमरे के अंदर मिला, बिखरा हुआ था घर का सामान 

Bhaskar Hindi
Update: 2018-09-16 19:17 GMT
करकटी में डबल मर्डर : एक शव घर के पीछे तो दूसरा कमरे के अंदर मिला, बिखरा हुआ था घर का सामान 

डिजिटल डेस्क, शहडोल। खैरहा थाना अंतर्गत करकटी गांव में शनिवार देर रात एक ही घर में दो युवकों की गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। दोनों युवकों की बड़ी ही निर्ममता से हत्या की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसपी, एडिशनल एसपी समेत पुलिस वैज्ञानिक डॉ. एसपी सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और कुछ साक्ष्य जुटाए हैं।

घटना का पता रविवार सुबह चला। एक युवक का शव घर के पीछे कुएं के पास पड़ा था, जबकि दूसरे का अंदर बिस्तर में। पुलिस के मुताबिक घर के भीतर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी व पेटी भी खुली हुई थी। पहली नजर में यह चोरी का मामला प्रतीत होता है, लेकिन घटना की वजह कुछ और भी हो सकती है। सभी एंगल पर जांच की जा रही है। बताया जाता है कि करकटी निवासी शंभू बैगा उमरिया कॉलरी में कार्यरत है और परिवार के साथ उमरिया में ही रहता है। उसका पुत्र गणेश बैगा (23) अकेले करकटी में रहता था। उसका दोस्त झुरु बैगा (30) भी रात में उसके घर सोने आ जाता था। शनिवार रात अज्ञात हमलावरों ने दोनों की हत्या कर दी।

गणेश का पड़ोसी प्रेमनाथ रविवार सुबह करीब 9 बजे अपने मवेशी लेकर जा रहा था तो गणेश के घर का दरवाजा खुला हुआ था। उसने अंदर जाकर देखा तो बिस्तर पर झुरु की क्षत विक्षत लाश पड़ी हुई थी, वहीं कुएं के पास गणेश का खून से लथपथ शव पड़ा था। उसने तत्काल सूचना अन्य गांव वालों को दी। इसके बाद डायल 100 को सूचित किया गया और खैरहा थाने में भी जानकारी दी गई। सूचना मिलने पर जैतपुर विधायक जयसिंह मरावी भी घटनास्थल पर पहुंचे थे।

शहडोल एसपी कुमार सौरभा का कहना है कि हो सकता है चोरी की नीयत से ही दोनों की हत्या की गई हो। घटना के पीछे दूसरा कारण भी हो सकता है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। कुछ सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। 

 

Similar News