MP: गंजबासौदा में मिट्टी के अचानक धसने से दर्जनों लोग कुएं में गिरे, रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी टीम

MP: गंजबासौदा में मिट्टी के अचानक धसने से दर्जनों लोग कुएं में गिरे, रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी टीम

Bhaskar Hindi
Update: 2021-07-15 17:10 GMT
MP: गंजबासौदा में मिट्टी के अचानक धसने से दर्जनों लोग कुएं में गिरे, रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी टीम

डिजिटल डेस्क, गंजबासौदा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के गंजबासौदा में दर्जनों लोग एक कुएं में गिर गए। मिट्टी के अचानक धसने से ये हादसा हुआ है। सूचना मिलने के बाद एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए पहुंची। डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर और एसपी भी मौके पर पहुंच गए। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर कहा, प्रशासन की टीम तत्परता के साथ बचावकार्य में जुटी हुई है। प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग भी घटना की सूचना मिलने के बाद गंजबासौदा के लिए रवाना हुए।

ये हादसा गंजबासौदा के लाल पठार पर हुआ है। दरअसल, एक 14 साल का लड़का कुएं में गिर गया था, जिसे बचाने के लिए बड़ी तादाद में भीड़ पहुंची और कुएं के आसपास खड़ी हो गई। इस दौरान अचानक कुएं की दीवार भीड़ के दबाव से भरभराकर नीचे जा गिरी और आसपास खड़े कई लोग भी कुएं गिर गए। घटना की जानकारी लगते ही प्रशासन भी मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। अभी तक एक दर्जन से अधिक घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा चुका है। कुआं करीब 30 फीट गहरा है। उसमें 15 से 20 फीट पानी है। रेस्क्यू के लिए कुआं खाली कराया जा रहा है। अंधेरा होने के चलते बचाव एवं राहत कार्य में परेशानी आ रही है।

इस हादसे को लेकर मंत्री विश्वास सारंग ने ट्वीट किया, विदिशा के गंजबसौदा में हुए दर्दनाक हादसे की सूचना मिलते ही घटनास्थल के लिए रवाना हो गया हूं। लगातार प्रत्येक क्षण की सूचना ज़िले के कलेक्टर और एसपी से ले रहा हूं। मौक़े पर NDRFHQ mp की टीम बचाव कार्य में लगी है।

मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, विदिशा के गंजबासौदा में कुएं की मेड़ धंसने से हुए हादसे में कई लोगों के गिरने का समाचार सुनकर मन व्याकुल है। शासन-प्रशासन द्वारा बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। ईश्वर से सभी लोगों के सुरक्षित होने की प्रार्थना है।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने ट्वीट किया, विदिशा ज़िले के गंजबसौदा में बड़ा हादसा। 40 के क़रीब लोग कुएं में गिरे…? सारा प्रशासन व अधिकारी विदिशा में मुख्यमंत्री के यहां आयोजित विवाह समारोह में…? राहत कार्य में भारी देरी व लापरवाही, कई लोग घायल, सरकर व प्रशासन को पहले राहत कार्यों की चिंता करनी चाहिये…?

Tags:    

Similar News