जबलपुर जल्द बनेगा इको स्मार्ट स्टेशन - एनजीटी के निर्देश पर रेल बोर्ड के आदेश जारी

जबलपुर जल्द बनेगा इको स्मार्ट स्टेशन - एनजीटी के निर्देश पर रेल बोर्ड के आदेश जारी

Bhaskar Hindi
Update: 2019-03-16 09:05 GMT
जबलपुर जल्द बनेगा इको स्मार्ट स्टेशन - एनजीटी के निर्देश पर रेल बोर्ड के आदेश जारी

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। जबलपुर रेलवे स्टेशन जल्द ही इको स्मार्ट स्टेशन बनने जा रहा है, जो पर्यावरण मित्रता का संदेश देगा। कहा जा रहा है कि पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेलवे स्टेशन को नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के निर्देश पर रेलवे बोर्ड ने इको स्मार्ट स्टेशन बनाने के आदेश जारी कर दिए हैं। ऐसा माना जा रहा है कि जबलपुर रेलवे स्टेशन के इको स्मार्ट स्टेशन के रूप में परिवर्तित होने से स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में वृद्धि के साथ यात्रियों के स्वास्थ्य के अनुकूल वातावरण विकसित किया जाएगा। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आनंद कुमार ने बताया कि जबलपुर स्टेशन को इको स्मार्ट बनाने के लिए एक्शन प्लान तैयार कर लिया गया है। जिसमें तहत इस दिशा में तेज गति से कार्य जल्द से जल्द प्रारंभ कर दिए जाएंगे। स्टेशन को इको स्मार्ट बनाने के लिए स्टेशन पर पानी, कचरा, प्लास्टिक आदि से उत्पन्न होने वाली बीमारियों की सबसे पहले रोकथाम की जाएगी।
चारों ओर हरियाली की चादर, खुला वातावरण
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री कुमार ने बताया कि जबलपुर को इको स्मार्ट स्टेशन बनाने के लिए सबसे पहले पर्यावरण को सुंदर और स्वच्छ बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। इसमें स्टेशन के चारों ओर हरियाली की चादर होगी और खुला वातावरण मन को मोहित कर देगा।
एक्शन प्लान में स्टेशन के एरिया से अतिक्रमणों को हटाया जाएगा,
पौधारोपण किया जाएगा,
प्लास्टिक वेस्ट का संग्रहण एवं निष्पादन, ठोस अपशिष्ट का प्रबंधन के साथ प्लास्टिक को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित करने पर जोर दिया जाएगा। इस व्यवस्था में रूकावट पैदा करने वालों को दंडित किया जाएगा। गौरतलब है कि पमरे के अंतर्गत आने वाले 300 रेलवे स्टेशनों में से केवल जबलपुर और भोपाल स्टेशन को रेलवे ने इको स्मार्ट स्टेशन के लिए चुना है।
इको स्मार्ट स्टेशन के लिए तैयारी
- वॉटर ऑडिट
- एनर्जी ऑडिट
-वेस्ट वॉटर ट्रीटमेंट
- सीवेज वॉटर ट्रीटमेंट
- सर्कुलेटिंग एरिया का विस्तार
- स्पेशल टास्क फोर्स का गठन

Similar News