नागपुर में दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें, मनपा 5-6 बसें खरीदने की तैयारी में

नागपुर में दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें, मनपा 5-6 बसें खरीदने की तैयारी में

Anita Peddulwar
Update: 2019-01-01 07:16 GMT
नागपुर में दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें, मनपा 5-6 बसें खरीदने की तैयारी में

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर में शीघ्र ही इलेक्ट्रिक बसें दौड़ने  की उम्मीद है, मनपा की आपली बस सेवा में इलेक्ट्रिक बसें भी जुड़ने वाली हैं। पहले चरण में 5 से 6 बसों को लाया जाएगा। इनका उपयोग ट्रायल के आधार पर किया जाएगा। ईंधन से चलने वाले वाहनों पर न केवल खर्च अधिक होता है, बल्कि इससे प्रदूषण भी होता है। इलेक्ट्रिक बसों को सिर्फ चार्ज करना होगा। सौर ऊर्जा प्रकल्प लगाकर इन बसों काे चार्ज किया जा सकता है। हालांकि शुरुआत में सिस्टम बनाने के लिए मनपा को मोटी रकम खर्च करनी होगी।

9.30 करोड़ होंगे खर्च
इलेक्ट्रिक बसों पर मनपा 9.30 करोड़ रुपए खर्च करेगी। इसमें 5 से 6 इलेक्ट्रिक बसों की खरीदी की संभावना जताई जा रही है। इसके अतिरिक्त बसों को चार्ज करने के लिए अलग से सिस्टम तैयार करना होगा। इसमें विद्युत कनेक्शन से लेकर चार्जिंग स्टेशन आदि शामिल होगा।

यह होगा फायदा
एक ओर मनपा को बसों के संचालन पर डीजल खर्च करने की आवश्यकता नहीं होगी, इससे आर्थिक बचत होगी। डीजल का उपयोग नहीं किए जाने से प्रदूषण से बचाव होगा। इलेक्ट्रिक बसों से  किराए में लोगों को कितना फायदा होगा, यह बस के टेंडर होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।  

सी-प्लेन की उड़ान से बढ़ेगी शान
वर्ष 2019 में नागपुर के सांसद व केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी की अहम योजना साकार हो सकती है। कोराड़ी से अंबाझरी, खिंडसी, चंद्रपुर के ताड़ोबा व पारस तक सी-प्लेन की उड़ान शुरू हो सकती है। इसके लिए राज्य के मैरीटाइन बोर्ड और नागपुर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट ने चार लोकेशन तय किए हैं। इसके अलावा कोराड़ी में 150 सीट की क्षमतावाला एक थियेटर बनेगा, जहां 32 मिनट का टूरिज्म शो दिखाया जाएगा। प्रोजेक्ट के दिसंबर 2019 तक पूरा होने की संभावना है। सी-प्लेन कोराड़ी से अंबाझरी, खिंडसी, चंद्रपुर के ताड़ोबा (इरई डैम) व पारस (शेगांव) तक उड़ान भरेगा। कोराडी में महावितरण ने इसके लिए काम भी शुरू कर दिया है। एनआईटी का मैरीटाइन कंपनी के साथ एमआेयू हो गया है। सी-प्लेन से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

Similar News