मुंबई की रेल पटरियों पर 6 साल में 18,000 लोगों ने गंवाई जान : RTI

मुंबई की रेल पटरियों पर 6 साल में 18,000 लोगों ने गंवाई जान : RTI

Tejinder Singh
Update: 2018-10-22 15:39 GMT
मुंबई की रेल पटरियों पर 6 साल में 18,000 लोगों ने गंवाई जान : RTI

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अमृतसर में रेल हादसे के बाद देशभर में बवाल मचा हुआ लेकिन मायानगरी मुंबई में पिछले छह सालों में 37 हजार से ज्यादा लोग रेल हादसों का शिकार हुए हैं। इनमें से 18 हजार से ज्यादा लोग रेल पटरियों पर अपनी जान गंवा चुके हैं और 19 हजार लोग जख्मी हुए हैं। रेलवे द्वारा एहतियाती कदम उठाने के तमाम दावों के बावजूद अब भी रोजाना 10-12 लोग रेल हादसों में अपनी जांच गंवा रहे हैं।

आरटीआई कार्यकर्ता शकील अहमद शेख ने आरटीआई के जरिए मुंबई में पिछले छह सालों में रेल हादसों में जान गंवाने और घायल होने वाले लोगों की जानकारी मांगी थी। रेलवे पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के मुताबिक साल 2013 से अगस्त 2018 तक महानगर में हुए रेल हादसों में 18423 लोगों की मौत हुई है जबकि 18847 लोग जख्मी हुए हैं। ज्यादातर हादसे लोकल ट्रेनों में भारी भीड़ के चलते यात्रियों के गिरने या पटरी पार करते वक्त ट्रेन की चपेट में आने के चलते होते हैं।

शेख के मुताबिक यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे लगातार लापरवाही बरत रही है। उन्होंने कहा कि बांबे हाईकोर्ट ने रेल पटरियों के दोनों तरफ सुरक्षा दीवार बनाने का निर्देश दिया था। लेकिन रेल प्रशासन ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। क्या अमृतसर जैसे किसी बड़े हादसे के बाद ही रेलवे हरकत में आएगी। शेख ने रेलमंत्री पियुष गोयल और रेलवे बोर्ड चेयरमैन अश्वनी लोहानी से अपील की है कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए जल्द से जल्द एहतियाती कदम उठाए जाएं।

 
ट्रेन हादसों में हर साल हजारों लोग गंवा रहे जान

वर्ष       2013   2014    2015    2016   2017   2018 (अगस्त)

मौत     3506   3423    3304    3202  3014   1974
जख्मी  3318   3299    3349    3363  3345   2173
 

Similar News