पिस्टल अड़ाकर पेट्रोल पंप लूटा, हजारों रुपए और 2 मोबाइल ले भागे नकाबपोश

पिस्टल अड़ाकर पेट्रोल पंप लूटा, हजारों रुपए और 2 मोबाइल ले भागे नकाबपोश

Bhaskar Hindi
Update: 2019-01-23 08:20 GMT
पिस्टल अड़ाकर पेट्रोल पंप लूटा, हजारों रुपए और 2 मोबाइल ले भागे नकाबपोश

डिजिटल डेस्क, शहडोल। पिस्टल व अन्य हथियारों के बल पर अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने पेट्रोल पंप में लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना जिले के देवलोंद थानांतर्गत चालुक्य फ्यूल्स डीजल पेट्रोल पंप में रात करीब 2 बजे हुई, जिसमें 20 हजार नकद व दो मोबाइल की लूट हुई। पंप के मैनेजर वीरेंद्र सिंह की रिपोर्ट पर अज्ञात के खिलाफ धारा 392 का अपराध दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।


कांच तोड़कर अंदर घुसे
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रात करीब 2 बजे चार नकाबपोश पेट्रोल पंप पर पहुंचे। उस वक्त पंप ऑपरेटर जयराज सिंह व राजू सिंह नामक कर्मचारी ड्यूटी पर थे। कमरे में लगे ग्लास का दरवाजा तोड़कर बदमाश भीतर घुस गए और दोनों कर्मचारियों पर देशी पिस्टल तान दी। इसके बाद 2 लोगों ने लोहे की रॉड से हमला शुरु कर दिया। बदमाशों ने बिक्री के बाद रखे 19270 रुपए तथा दो मोबाइल भी लूट लिए। बदमाशों की मार से घायल कर्मचारियों को इलाज के लिए परियोजना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल कर्मचारी यह नहीं देख पाए कि लुटेरे किस साधन से आए थे। वारदात के बाद सभी दीवार फांद कर भागे। थाना प्रभारी एसआई विजय सिंह ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। शीघ्र ही पकड़ लिया जाएगा।


घर में आग, गृहस्थी खाक
घर में आग लगने से अनाज सहित गृहस्थी का पूरा सामान जलकर खाक हो गया। यह घटना कोतवाली अंतर्गत ग्राम कल्याणपुर में हुई, जिसमें करीब डेढ़ लाख रुपए की क्षति का अनुमान लगाया गया है। आग लगने की घटना मंगलवार की सुबह करीब 7.30 बजे सुरेंद्र शर्मा के कच्चे मकान में हुई। जानकारी के अनुसार घर के सभी लोग सो रहे थे। पता चलने पर सभी लोग उठकर बाहर भागे और मदद के लिए लोगों को बुलाया। आस-पड़ोस व गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। बीट प्रभारी पुलिस की चीता टीम के साथ नगरपालिका के फायर बिग्रेड को सूचना दी गई। चीता के पुलिस कर्मियों ने गांव वालों की मदद से आग बुझाना शुरु किया। फायर बिग्रेड पहुंचने के पूर्व बहुत हद तक आग पर काबू पा लिया गया था।

Similar News