आंखों के सामने गन्ने की फसल हो गई खाक, बेबस किसान ने खाया जहर

आंखों के सामने गन्ने की फसल हो गई खाक, बेबस किसान ने खाया जहर

Anita Peddulwar
Update: 2018-11-09 10:20 GMT
आंखों के सामने गन्ने की फसल हो गई खाक, बेबस किसान ने खाया जहर

डिजिटल डेस्क, यवतमाल। जिले के नेर तहसील के मांगलादेवी में 4 एकड़ में लगाया गया गन्ना शॉर्ट सर्किट से लगी आग के कारण जलकर खाक हो गया। किसान इस घटना को सह नहीं पाया और उसने घर पहुंचकर कीटनाशक गटक लिया। उसे शीघ्र ही गंभीर हालत में जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया। किसान की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना से गांव में दिवाली की खुशी दुख में बदल गई। 

जानकारी के अनुसार मांगलादेवी निवासी किसान सुजित रमेश दहेकर (40) के पास 7 एकड़ खेती है, जिसमेें से 4 एकड़ में उसने गन्ना लगाया। 12 माह में फसल पक कर तैयार हो गई और अब बस कुछ दिन में फसल की कटाई शुरू होने वाली थी। लेकिन 7 नवंबर की दोपहर खेत में से गए बिजली टावर के जिंदा तारों में हुए शार्ट सर्किट से खेत में आग लग गई।  देखते ही देखते गन्ने का खेत जलकर खाक हो गया। खेत में आग बुझाने के लिए कोई पर्याप्त साधन भी नहीं था, जिससे बेबस किसान खेत को जलता हुआ देखता रह गया। इस आगजनी की घटना से किसान का  5 लाख रुपए का नुकसान हुआ। किसान ने गन्ना बेचने की पूरी तैयारी कर ली थी।

गन्ना बेचकर लगभग 5 लाख रुपए हाथ आते। लेकिन आग ने सब खाक कर दिया। इसके बाद किसान सुजित रमेश दहेकर ने घर में कीटनाशक पीकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। जैसे ही किसान के जहर पीने की बात पता चली वैसे ही उसे जिला अस्पताल में भर्ती किया गया।  बताया जाता है कि मामले की शिकायत किसान दहेकर ने तहसीलदार से ज्ञापन सौंपकर  मुआवजा देने की मांग की है। मुआवजे की बात करने पर उन्हें सरकार सहायता करेगी या नहीं इस पर संदेह था इसलिए उन्होंने खेत से घर पहुंचकर कीटनाशक पी लिया। उन्हें नेर के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां उसकी हालत गंभीर होने से जिला अस्पताल में भेजा गया। जहां उपचार चल रहा है। 

Similar News