पूर्व नगरसेवक के घर मुंह में रुमाल बांधकर लुटेरे माल उड़ाकर फरार

पूर्व नगरसेवक के घर मुंह में रुमाल बांधकर लुटेरे माल उड़ाकर फरार

Anita Peddulwar
Update: 2021-02-19 06:55 GMT
पूर्व नगरसेवक के घर मुंह में रुमाल बांधकर लुटेरे माल उड़ाकर फरार

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  उमरेड के बुधवारी पेठ में  बंदूक की नोंक पर पूर्व नगरसेवक के घर में लूट की वारदात को 2 बदमाशों ने अंजाम दिया है। घटना के समय घर में पूर्व नगरसेवक की पत्नी अकेलीे थी।

शाम चार बजे घर में पत्नी थी अकेली
जानकारी के अनुसार, अरुणोदय कॉम्प्लेक्स की पहली मंजिल पर कॉम्प्लेक्स मालिक पूर्व नगरसेवक अरुण गिरडकर का आवास है। रोज की तरह गुरुवार को भी शाम 4 बजे गिरडकर घूमने निकल गए थे। घर में अकेली उनकी पत्नी विमल गिरडकर थीं। इसी का फायदा उठाते हुए 2  युवक चेहरे पर रूमाल बांध कर उनके घर पहुंचे। कॉल बेल बजाई। दरवाजा खुलते ही पूछा काका घर पर हैं क्या? विमल कुछ समझ पातीं, इतनी देर में दोनों अंदर घुस गए। उन्होंने विमल के माथे पर बंदूक तान दी और गहने छीन लिए। इसमें 2 तोले सोने की चेन और डेढ़ तोले का मंगलसूत्र था। इसके बाद पूरे घर को खंगाला। इसके बाद विमल को ऊपर के कमरे में ले गए। महिला के हाथों से घर की अलमारी खुलवाकर वहां रखे दो हजार रुपए ले लिए। 

रूमाल से हाथ बांधकर भाग गए
वारदात को अंजाम देने के बाद विमल का हाथ रूमाल से बांध दिए। उसके चिल्लाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए कॉम्प्लेक्स से भाग गए। विमल गिरडकर ने पड़ोसी और अपने पति अरुण गिरडकर को घटना की जानकारी मोबाइल पर दी। महिला के घर से नकदी और जेवर मिलाकर करीब 2 लाख रुपए का माल ले गए हैं। उमरेड के थानेदार यशवंत सोलसे अपनी टीम के साथ जांच में जुटे थे।

बंद घर से नकदी व हीरे जड़ित गहने चुरा ले गए
अजनी  क्षेत्र में  चोर एक मकान का ताला तोड़कर नकदी व हीरे जड़ित सोने के गहने सहित करीब 1 लाख 59 हजार रुपए का माल चुरा ले गए। चोरी की यह घटना 12-16 फरवरी के बीच नाईक नगर इलाके में हुई।  पुलिस सूत्रों के अनुसार, नाईक नगर, डोबी नगर सोसायटी, मानेवाड़ा रिंग रोड, नागपुर निवासी राजेश नारायण पेठकर  (51) ने अजनी थाने में चोरी का मामला दर्ज कराया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह मकान को ताला लगाकर 12 फरवरी को परिवार के साथ अपने बेटे के पास पुणे गए थे। इस दौरान अज्ञात चोर उनके मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। चोर अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे हीरे जड़ित सोने के गहने व नकदी 55 हजार रुपए ले गया। 16 फरवरी को पुणे से लौटने के बाद उन्हें मकान में चोरी हो जाने की बात पता चली। तब उन्होंने अजनी थाने में शिकायत की।

Tags:    

Similar News