नहीं रहे पूर्व केन्द्रीय मंत्री: चौधरी अजित सिंह का 82 वर्ष की आयु में निधन, कोरोना से थे संक्रमित

नहीं रहे पूर्व केन्द्रीय मंत्री: चौधरी अजित सिंह का 82 वर्ष की आयु में निधन, कोरोना से थे संक्रमित

Bhaskar Hindi
Update: 2021-05-06 05:13 GMT
नहीं रहे पूर्व केन्द्रीय मंत्री: चौधरी अजित सिंह का 82 वर्ष की आयु में निधन, कोरोना से थे संक्रमित

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कोरोना संक्रमण से देश के एक ओर राजनेता का निधन हो गया। गुरुवार सुबह राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह ने 82 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। अजित सिंह कोरोना वायरस से संक्रमित थे। उन्हें 20 अप्रैल को गुडगांव के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फेफड़ों में इन्फेक्शन फैलने से उन्हें निमोनिया भी हो गया था। पिछले दो दिनों से उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। उनके बेटे चौधरी जयंत सिंह ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी।

 

 

परिवारिक जीवन
राष्ट्रीय लोकदल के नेता चौधरी अजित सिंह का जन्म 12 फरवरी, 1939 को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में हुआ था। जाट और किसान नेताओं के रूप में पहचान बनाने वाले अजित सिंह ने लखनऊ विश्वविद्यालय और IIT खड़गपुर से अपनी पढ़ाई पूरी की। 17 साल तक अमेरिका में नौकरी करने के बाद चौधरी अजित सिंह साल 1980 में अपने पिता की ओर से बनाए गए राजनीतिक पार्टी लोक दल को एक बार फिर सक्रिय करने के लिए भारत लौट आए। इनके परिवार में पत्नी राधिका सिंह और दो बच्चे हैं।

राजनीतिक सफर
साल 1986 में चौधरी अजित सिंह पहली बार राज्यसभा सदस्य के तौर पर चुने गए। उन्होंने पश्चिम उत्तर प्रदेश से 7 बार लोकसभा चुनाव भी जीता। विश्वनाथ प्रताप सिंह की अगुवाई वाली सरकार में चौधरी अजित सिंह 1989-90 तक केन्द्रीय उद्योग मंत्री रहे। 90 के दशक में अजित सिंह कांग्रेस के सदस्य बन गए। पी.वी. नरसिम्हा राव के काल में वर्ष 1995-1996 तक वे खाद्य मंत्री भी रहे। 1996 में कांग्रेस के टिकट पर जीतने के बाद वे लोकसभा सदस्य बने। 2019 में लोकसभा चुनाव वे हार गए थे। उनके बेटे जयंत चौधरी को भी हार का सामना करना पड़ा था।

इन नेताओं ने भी दी श्रद्धांजलि
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं जुझारू किसान नेता चौधरी अजित सिंह जी का निधन अत्यंत दु:खद है। उन्हें विनम्र श्रद्धाजंलि। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने परम धाम में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें।

उपमुख्यमंत्री केशव ने लिखा कि राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह जी के निधन का दुरूखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर पुण्य आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों सहित समर्थकों को संबल दें। विनम्र श्रद्धांजलि!

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लिखा कि किसानों और मजदूरों के मसीहा, पूर्व केंद्रीय मंत्री, आरएलडी प्रमुख चौधरी अजित सिंह जी का आकस्मिक निधन, अपूरणीय क्षति। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को दुख की इस घड़ी में संबल प्रदान करे। अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि।

बसपा मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने लिखा कि राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व केद्रीय मंत्री एवं पूर्व सांसद तथा अपने समाज के लोकप्रिय नेता चौधरी अजित सिंह के निधन की खबर अति-दु:खद। उनके परिवार व उनके समस्त चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कुदरत उन सबको इस दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने लिखा कि लोकप्रिय नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री व किसान हितैशी नेता चौधरी अजित सिंह जी के निधन की दुखद खबर मिली। चौधरी साहब के निधन से समाज एवं राजनीति को अपूर्णीय क्षति हुई है। जयंत चौैधरी व आरएलडी साथियों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं। ईश्वर चौधरी साहब को श्रीचरणों में स्थान दें।

Tags:    

Similar News