यशवंत ने कहा- मोदी के खौफ से मुर्दों की पार्टी बन गई है बीजेपी

यशवंत ने कहा- मोदी के खौफ से मुर्दों की पार्टी बन गई है बीजेपी

Bhaskar Hindi
Update: 2018-12-12 19:14 GMT
यशवंत ने कहा- मोदी के खौफ से मुर्दों की पार्टी बन गई है बीजेपी

डिजिटल डेस्क, पुणे। पूर्व केन्द्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पार्टी में सभी डरते हैं। वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी मुर्दों की पार्टी बन गई है। सिन्हा पुणे यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स की ओर से आयोजित जेएस करंदिकर स्मृति व्याख्यान में शामिल होने आए थे। इस दौरान उन्होंने ये बात कही। इस व्याख्यान का विषय "वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में भारत और मीडिया" था।

यशवंत सिन्हा ने कहा पीएम मोदी के नेतृत्व को भाजपा से कोई चुनौती नहीं दे सकता। क्योंकि सभी उनसे डरे हुए हैं। इसी पार्टी के कुछ लोग पहले बोला करते थे कि कांग्रेस मुर्दों की पार्टी है लेकिन अब भाजपा ही मुर्दों की पार्टी बनकर रह गई है। भाजपा में केवल दो लोगों के पास समूची शक्ति है।’’ उनका स्पष्ट इशारा भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर था।

सिन्हा ने ये उम्मीद भी जताई कि पांच राज्यों में बीजेपी की हार 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए विपक्षी दलों को एकजुट होने के लिए प्रेरित करेगी। सिन्हा ने कहा कि पांच राज्यों के चुनावों में योगी कार्ड तो नहीं चला, लेकिन समाज में दरार निर्माण कर वोट हासिल भी नहीं हुए। मोदी का विकल्प जनता ही चुनेगी। यह विश्वास भी सिन्हा ने जताया।

सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस भले ही तीन राज्यों में विधानासभा चुनाव जीत गई है लेकिन उसे खुद को विपक्षी गठबंधन का नेता घोषित करने की गलती नहीं करना चाहिए। सिन्हा ने कहा कि पांच राज्यों के चुनाव नतीजों ने मोदी के जादू की निराधार धारणा को तहस-नहस कर दिया है। इससे विपक्षी दल अगले लोकसभा चुनाव में एक दूसरे के साथ बेहतर तरीके से जुड़ सकेंगे।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने पहुंचे पूर्व केन्द्रीय मंत्री तथा बिहार की आरएलएल पार्टी के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाह ने भी मोदी पर निशाना साधा, उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के समय मोदी ने सामाजिक समता तथा विकास का एजेंडा लिया था, जिस कारण हम उनके साथ गए, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्होंने खुद के विकास के एजेंडे पर काम शुरु कर दिया था।

Similar News