शादी का सब्जबाग दिखाकर प्रिंस ने ठगा, लगाई लाखोंं की चपत

शादी का सब्जबाग दिखाकर प्रिंस ने ठगा, लगाई लाखोंं की चपत

Anita Peddulwar
Update: 2019-03-29 10:29 GMT
शादी का सब्जबाग दिखाकर प्रिंस ने ठगा, लगाई लाखोंं की चपत

डिजिटल डेस्क, नागपुर ।  वाड़ी थानांतर्गत एक उच्च शिक्षित युवती को शादी के सपने दिखाकर एक आरोपी ने उसे करीब 4 लाख 9 हजार रुपए का चूना लगा दिया। पीड़ित युवती प्रियंका गुप्ता की शिकायत पर वाड़ी पुलिस ने आरोपी प्रिंसकुमार के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि, आरोपी प्रिंसकुमार ने उसका शादी डॉट कॉम की वेबसाइट से मोबाइल नंबर हासिल किया। उसके बाद उसने फोन कर उससे बातचीत शुरू की। इसी दौरान उसने शादी का प्रस्ताव रखते हुए उसे बताया कि, वह यू.के. में नौकरी करता है। उसने भारत आकर मिलने की बात भी की। पहले उसने  12 जनवरी से 11 फरवरी के दरमियान भारत आने की बात कही  और 4 फरवरी को भारत पहुंचने की जानकारी पीड़िता को दी।

बैंक खाता नंबर देकर उसमें 4 लाख जमा करने के लिए कहा
प्रिंसकुमार ने प्रियंका को कस्टम अधिकारी के नाम पर बैंक खाते का नंबर देकर उससे रुपए जमा करने के लिए कहा। प्रियंका ने उसके झांसे में आकर करीब 4 लाख 9 हजार रुपए खाते में जमा कर दिए। उसके बाद भी प्रिंसकुमार लगातार रुपए मंगाता रहा, तब प्रियंका को समझ आया कि, उसके साथ ठगी हो रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार लावा निवासी प्रियंका गुप्ता उच्च शिक्षित युवती है। उसने शादी डॉट कॉम पर शादी के लिए अपना प्रोफाइल डाल रखा था। 

खाता कस्टम अधिकारी का 
वाड़ी थाने के उपनिरीक्षक देशमुख ने इस प्रकरण की जानकारी देते हुए बताया कि, आरोपी ने प्रियंका को दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचने की जानकारी 4 फरवरी को दी। उसने प्रियंका को बताया कि वह दिल्ली एयरपोर्ट पर आ चुका है, लेकिन उसे कस्टम अधिकारी ने पकड़ लिया है। कस्टम अधिकारी को मैनेज करने के लिए उसके पास उतनी इंडियन करेंसी नहीं जितनी रकम कस्टम अधिकारी उससे मांग रहा है। प्रियंका ने प्रिंसकुमार की बातों पर यकीन कर लिया। प्रिंसकुमार ने उसे पहले एक भारतीय बैंक खाते नंबर दिया। साथ ही कहा कि, यह उसी कस्टम अधिकारी का बैंक खाता नंबर है, जिसने उसे गिरफ्तार किया है। इस बैंक खाते में रुपए डाल  दो तो वह उसे छोड़ देगा। प्रियंका ने उसकी बातों पर भरोसा करके पहले खाते में कुछ रकम जमा की, उसके उसने अलग-अलग  बैंक खातों के नंबर दिए, जिसमें प्रियंका ने करीब 4 लाख 9 हजार रुपए जमा किए। प्रिंसकुमार उससे और जब और रुपए मंगाने लगा तब उसे शक हुआ। प्रियंका का शक सही निकला। प्रियंका ने प्रिंसकुमार के खिलाफ वाड़ी थाने में शिकायत की। पुलिस ने  आरोपी प्रिंसकुमार के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया।

बैंक अकाउंट देश का, फोन नंबर विदेश का 
सूत्रों ने बताया कि आरोपी प्रिंसकुमार ने प्रियंका से जिन बैंक खातों में रुपए जमा कराए हैं। वह सभी बैंक खाते भारतीय बैंकों के हैं, लेकिन उसमें दिए गया संपर्क नंबर देश के बाहर का है। 25 जनवरी से लेकर 4 फरवरी तक प्रियंका ने प्रिंसकुमार के कहने पर स्टेट बैंक, खाता क्र-20404904124 में 3 लाख 20 हजार, महेंद्र कोटक खाता क्र-0713740033 में 9 हजार, कैनरा बैंक खाता क्र-6742101000633 में 80 हजार, अलग अलग तारीख को जमा किए। वाड़ी पुलिस ने आरोपी प्रिंसकुमार के संपर्क नंबर की जानकारी हासिल करने के लिए साइबर पुलिस के पास भेज दिया गया है। पुलिस को उम्मीद है कि यह आरोपी जल्द पकड़ में आ जाएगा। पुलिस निरीक्षक राजेन्द्र पाठक के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक श्याम कावनपुरे मामले की जांच कर रहे हैं।

Tags:    

Similar News