ADR की रिपोर्ट : 20 मालदार विधायकों में महाराष्ट्र के चार एमएलए, दूसरे नंबर पर हैं मंगलप्रभात लोढा 

ADR की रिपोर्ट : 20 मालदार विधायकों में महाराष्ट्र के चार एमएलए, दूसरे नंबर पर हैं मंगलप्रभात लोढा 

Bhaskar Hindi
Update: 2018-09-18 18:01 GMT
ADR की रिपोर्ट : 20 मालदार विधायकों में महाराष्ट्र के चार एमएलए, दूसरे नंबर पर हैं मंगलप्रभात लोढा 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। देश के सबसे ज्यादा आय वाले 20 विधायकों में महाराष्ट्र के चार विधायक शामिल हैं। सर्वाधिक आय के मामले में मुंबई की मालाबार हिल सीट से भाजपा विधायक मंगलप्रभात लोढा देश में दूसरे नंबर पर हैं। एसोसिएशन फॉर डेमेक्रेटिक रिफॉर्म (ADR) ने देशभर के 3145 विधायकों के चुनाव आयोग को दिए शपथपत्र के अध्ययन के बाद यह सूची तैयार की है। इसके मुताबिक देश में विधायकों की औसत आय सालाना 24.59 लाख रुपए है, जबकि महाराष्ट्र के 256 विधायकों की औसत आय 43.4 लाख रुपए सालाना है। ऊर्जा मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले देश के सबसे गरीब विधायकों की सूची में शामिल हैं।

कर्नाटक की बेंगलुरू ग्रामीण सीट से कांग्रेस विधायक एन नागाराजू देश में सबसे अधिक आय वाले विधायक हैं। उनकी कुल आय 1 अरब 57 करोड़ 4 लाख 29 हजार 210 रुपए है। सूची में उनके बाद दूसरे क्रमांक वाले भाजपा विधायक लोढा की आय 34 करोड़ 66 लाख 82 हजार 610 रुपए है। सूची में छठें नंबर पर महाराष्ट्र के सोलापुर में स्थित बार्सी सीट से राकांपा विधायक दिलीप सोपल का नाम है। सोपल की आय 9 करोड़ 85 लाख 15 हजार 762 रुपए है। पनवेल से भाजपा विधायक प्रशांत ठाकुर का नाम सर्वाधिक आय वाले विधायकों की सूची में 17वें नंबर पर है। उनकी आय 5 करोड़ 61 लाख 37 हजार 139 रुपए है। सूची में 20वें नंबर पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पृथ्वीराज चव्हाण का नाम है। सतारा के कराड (दक्षिण) सीट से मौजूदा कांग्रेस विधायक चव्हाण की आय 4 करोड़ 56 लाख 51 हजार 480 रुपए है। बता दें कि कुल आय में विधायक के साथ-साथ उनकी पत्नी और आश्रितों की आय भी शामिल है।

ऊर्जा मंत्री बावनकुले ‘गरीब’ विधायकों में शामिल  

सबसे कम आय वाले देश के 20 विधायकों में भी महाराष्ट्र के दो विधायक शामिल हैं। सांगली की मिरज सीट से भाजपा विधायक सुरेश खाडे राज्य के सबसे कम आय वाले विधायक हैं। उनकी आय सिर्फ 39 हजार 694 रुपए है। खाडे देश के सबसे कम आय वाले विधायकों की सूची में नौवें नंबर पर हैं। इसके अलावा नागपुर की कामठी सीट से भाजपा विधायक और राज्य के ऊर्जा मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले राज्य के दूसरे सबसे कम आय वाले विधायक हैं जबकि देश में उनका नंबर 20वां है। बावनकुले की आय 9 लाख 9 हजार 384 रुपए है।

कुख छास बातें

 

  • देश में कुल 4086 वर्तमान विधायकों में से 3145 विधायकों द्वारा दिए गए शपथपत्र का विश्लेषण कर यह सूची तैयार की गई है। 
  • 941 विधायकों ने अपनी आय घोषित नहीं की है। 
  • कर्नाटक के विधायकों की औसत आय सबसे ज्यादा यानी 111.4 लाख रुपए है।
  • छत्तीसगढ़ के विधायकों की औसत आय सबसे कम 5.4 लाख रुपए है।
  • 24 फीसदी विधायकों ने अपना व्यवसाय खेती बताया है।

Similar News