युवा आईपीएस ने दिया बहादुरी का परिचय

जवानों की सुरक्षा के साथ नक्सलियों का खात्मा  युवा आईपीएस ने दिया बहादुरी का परिचय

Anita Peddulwar
Update: 2021-11-15 07:54 GMT
युवा आईपीएस ने दिया बहादुरी का परिचय

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली। कहते हैं किसी भी मुहिम को सफल बनाने के लिए सक्षम नेतृत्व की आवश्यकता होती है। मरदिनटोला मुठभेड़ में मिली सफलता के पीछे गड़चिरोली के युवा आईपीएस सोमय मुंडे का नेतृत्व कभी भुला नहीं जा सकेगा। रात भर खोज अभियान चलाने के बाद लगातार 10 घंटों तक हुई मुठभेड़ के दौरान उन्होंने जहां अपने जवानों की सुरक्षा की वहीं नक्सलियों का भी एक के बाद खात्मा भी किया। रविवार को पुलिस विभाग के अाला-अधिकारियों ने जवानों के साथ अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) सोमय मुंडे के जज्बे को भी सलाम किया। रविवार की शाम जैसे ही इस अभियान का दल गड़चिरोली पहुंचा, विभाग के आला-अफसरों ने सोमय मुंडे के साथ सी-60 जवानों का हौसला आफजाई किया।

पुलिस मुख्यालय के एकलव्य इमारत में जवानों ने आईपीएस सोमय मुंडे के साथ जीत का जश्न भी मनाया। बता दें कि, युवा आईपीएस सोमय ने हाल ही में गड़चिरोली में अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) के रूप में कार्य संभाला है। उन्हें यह पुख्ता खबर मिली थी कि, मरदिनटोला जंगल परिसर में नक्सलियों का एक बड़ा कैम्प शुरू है।  अपने वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति और उनके मार्गदर्शन के साथ सी-60 के करीब 300 जवानों को लेकर वे खोज अभियान पर निकल पड़े। शुक्रवार की पूरी रात उन्होंने जंगल परिसर में खोज मुिहम चलाई जबकि शनिवार प्रात: 6 बजे उनकी टीम का नक्सलियों से आमना-सामना हुआ। घटनास्थल का क्षेत्र पूरी तरह पहाड़ी इलाकों में बसा हुआ है। नक्सलियों का कैम्प भी पहाड़ी पर शुरू था। 

आईपीएस सोमय अपनी टीम के साथ पहाड़ी के नीचे थे। जैसे ही नक्सलियों को जवानों की भनक लगी, उन्होंने उपर से अंधाधूंद फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान नक्सलियों ने ग्रेनेड, देसी बम और आधूनिक हथियारों से पुलिस जवानों पर हमला भी किया। लेकिन आईपीएस सोमय मुंडे ने अपनी बहादुरी का परिचय देते हुए जवानों के मनोबल को बढ़ाया और गोलीबारी में डटे रहे। इस मुहिम में सफल होना काफी मुश्किल था  लेकिन अपनी और टीम की सुरक्षा के साथ आईपीएस सोमय मुंडे व जवानों ने एक के बाद एक कुल 26 नक्सलियों को ढेर कर दिया। इस समूचे घटनाक्रम में आईपीएस सोमय मुंडे का नेतृत्व अहम माना जा रहा है। रविवार की शाम जैसे ही इस अभियान का दल गड़चिरोली पहुंचा, विभाग के आला-अफसरों ने सोमय मुंडे के साथ सी-60 जवानों का हौंसला आफजाई किया। पुलिस मुख्यालय के एकलव्य इमारत में जवानों ने आईपीएस सोमय मुंडे के साथ जीत का जश्न भी मनाया। 
 

Tags:    

Similar News