संकुल प्राचार्य पर शिक्षिका ने लगाया अश्लील हरकतों का आरोप

संकुल प्राचार्य पर शिक्षिका ने लगाया अश्लील हरकतों का आरोप

Bhaskar Hindi
Update: 2018-11-26 13:50 GMT
संकुल प्राचार्य पर शिक्षिका ने लगाया अश्लील हरकतों का आरोप

डिजिटल डेस्क, हरपालपुर। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय संकुल अंतर्गत आने वाली प्राथमिक पाठशाला नाऊपहारिया की प्रधानाध्यापिका ने संकुल प्राचार्य पर अश्लील हरकतें कर प्रताडि़त करने का गंभीर आरोप लगाया है। शिक्षिका का कहना है कि वह लगातार उन्हें मानसिक प्रताड़ित करते हैं, उनकी मंशा पूरी नहीं हुई तो उनकी उपस्थिति के बावजूद 31 अक्टूबर का वेतन काट दिया। प्राचार्य की इस करतूत से वह बहुत आहत है।थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देते हुए कार्रवाई की मांग की है साथ ही यह भी चेतावनी दी है कि यदि संकुल प्राचार्य पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह इस्तीफा दे देगी जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

डाक जमा करने स्कूल समय के बाद बुलाता है प्रचार्य
नाऊपहारिया प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ प्रधानाध्यापिका ने संकुल प्राचार्य भरत बिहारी पर आरोप लगाया है कि प्राचार्य द्वारा कई बार उसे प्रताडि़त एवं अश्लील शब्दों का प्रयोग किया है। विद्यालय संबंधी पत्राचार हेतु सूचनाएं लेने एवं जमा करने जाने पर प्राचार्य ने आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए विद्यालय समय के बाद उनसे मिलने का दबाव बनाया गया। महिला शिक्षक जब अपने पति के साथ गई तो इस पर भी प्राचार्य ने ऐतराज जताया। 31 अक्टूबर को विद्यालय में उपस्थित रहने के बावजूद उसका वेतन काट दिया गया। शिक्षिका का कहना है कि प्राचार्य के इस रवैये से उसका नौकरी करना मुश्किल हो गया है।

करता है अनर्गल प्रलाप
शिक्षिका ने यह भी आरोप लगाया है कि प्राचार्य उनके साथ प्रारंभ से ही अनर्गल प्रलाप करता था। शुरू-शुरू में उसे कुछ समझ में नहीं आया किंतु जब प्राचार्य ने अपनी हद पार कर अश्लीलता प्रारंभ कर दी उसे उसके मंसूबे समझते देर नहीं लगी। आरोपित है कि प्राचार्य की मंशा पूरी नहीं हुई तो उसने झूठे आरोप लगाकर एक दिन का वेतन काट दिया। प्राचार्य की इस करतूत से वह बहुत आहत है।

Similar News