गुजरात: इलाज की आड़ में नशा देकर महिलाओं का रेप करते थे डॉक्टर-कंपाउंडर

गुजरात: इलाज की आड़ में नशा देकर महिलाओं का रेप करते थे डॉक्टर-कंपाउंडर

Bhaskar Hindi
Update: 2018-06-16 18:35 GMT
गुजरात: इलाज की आड़ में नशा देकर महिलाओं का रेप करते थे डॉक्टर-कंपाउंडर

डिजिटल डेस्क, वडोदरा। गुजरात के वडोदरा जिले में एक वहशी डॉक्टर को पुलिस ने रेप के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। मामला नादेसरी इलाके के अनगढ़ गांव का है। जहां आरोपी डॉक्टर अपने क्लिनिक में महिला मरीजों को इलाज के बहाने नशीला पदार्थ खिला देता था और फिर उनके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देता था। नादेसरी के पुलिस निरीक्षक जे के पटेल ने बताया कि डॉ. प्रतीक जोशी को पड़ोसी पंचमहल जिले के वालन गांव में एक रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार किया गया।

महिलाओं को ब्लैकमेल कर करते थे रेप

पुलिस के अनुसार, आरोपी डॉक्टर, कंपाउंडर के साथ मिलकर इलाज के लिए आने वाली महिला मरीजों से रेप करता था। आरोपी कंपाउंडर रेप के दौरान वीडियो बना लेता था। वहीं वीडियो दिखाकर दोनों आरोपी महिलाओं को ब्लैकमेल कर दोबारा उनके साथ रेप करते थे। डॉ. प्रतीक के खिलाफ 11 जून को बलात्कार का मामला दर्ज किया गया था। जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। एक महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी डॉ. जोशी के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 (बलात्कार) और धारा 328 (अपराध के लिए जहर का इस्तेमाल) के तहत मामला दर्ज किया गया।  


ऐसे उजागर हुआ मामला

दरअसल, आरोपी डॉक्टर प्रतीक जोशी के कंपाउंडर ने महिलाओं को ब्लैकमेल करने के लिए बनाए वीडियो अपने एक साथी को भेजे थे। यही वीडियो वायरल हो जाने के बाद रेप का शिकार हुई एक महिला की पहचान उजागर हो गई, जिसके बाद पीड़िता के परिजनों ने पुलिस में डॉक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई।  


कंपाउंडर के मोबाइल में रेप के 46 वीडियो थे

पुलिस ने आरोपी कंपाउंडर को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके मोबाइल की जांच किए जाने पर पता चला कि डॉक्टर ने 46 महिलाओं को शिकार बनाया था। पुलिस अब डॉक्टर और कंपाउंडर को गिरफ्तार कर आगे की जांच में जुट गई है और प्रत्येक पीड़िता की पहचान की जा रही है। 

Similar News