गुजरात को मदद पर शिकायत नहीं, महाराष्ट्र को भी अपेक्षा

गुजरात को मदद पर शिकायत नहीं, महाराष्ट्र को भी अपेक्षा

Anita Peddulwar
Update: 2021-05-21 05:33 GMT
गुजरात को मदद पर शिकायत नहीं, महाराष्ट्र को भी अपेक्षा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। तूफान के संकट को लेकर गृहमंत्री दिलीप वलसे पाटील ने कहा है कि राज्य को  केंद्र से पर्याप्त सहायता की अपेक्षा है। उन्होंने कहा-गुजरात में केंद्र सरकार की ओर से की गई मदद को लेकर किसी को शिकायत नहीं हो सकती है, लेकिन महाराष्ट्र को भी मदद की जरुरत है। केंद्र से अपेक्षा है कि वह त्वरित मदद करेगी। आरक्षण के विषयों पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से जन अपेक्षा के अनुरूप कार्य किया जा रहा है। जल्द ही इन मामलों में अपेक्षित निर्णय आएगा। 

तूफान राहत
गुरुवार को विमानतल पर संवाद माध्यम से चर्चा में गृहमंत्री बोल रहे थे। आरंभ में राकांपा के स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। कारंजा लाड के दौरे के सिलसिले में गृहमंत्री यहां आए थे। तूफान से नुकसान को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात का विमान से दौरा किया है। उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से गुजरात को तूफान संकट में सहायता के लिए 1000 करोड़ रुपए देने की घोषणा की है। फिलहाल महाराष्ट्र में नुकसान को लेकर राहत की घोषणा नहीं हो पाई है। 

चक्रवात से जनहानि  
गृहमंत्री पाटील ने कहा कि चक्रवात के कारण बड़ी संख्या में जनहानि भी हुई। सभी क्षेत्रों को अलर्ट किया गया था। संकट के मुकाबले के लिए नियोजन भी किया गया था। बार्ज पी 305 दुर्घटना के मामले में केंद्र सरकार ने जांच के निर्देश दिए हैं। लिहाजा आवश्यकता अनुसार कार्रवाई होगी, लेकिन इस तरह की घटना व बड़ी संख्या में लोगों की मृत्यु होना अशोभनीय है। 

मुंबई में प्रधानमंत्री को लेकर पोस्टरबाजी के विषय पर उन्होंने कहा कि यह विषय पुलिस आयुक्त स्तर का है। लिहाजा उनकी ओर से कुछ कहना उचित नहीं होगा। पुलिस विभाग भर्ती के विषय पर कहा कि भर्ती के संबंध में काम चल रहा है। एक प्रश्न पर उन्होंने कहा कि पदोन्नति में आरक्षण के विषय का निराकरण कर लिया गया है। 

मराठा आरक्षण के संबंध में कानूनी प्रक्रिया चल रही है। इस संबंध में उपसमिति ने उच्चतम न्यायालय के आदेश का अभिप्राय जानने के लिए समिति नियुक्त की है। उस समिति की रिपोर्ट के बाद योग्य निर्णय लिया जाएगा। चर्चा के समय राकांपा के शहर अध्यक्ष अनिल अहिरकर, प्रशांत पवार, श्रीकांत शिवणकर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
 

Tags:    

Similar News