महाराष्ट्र: हेमंत नगराले को पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार, जायसवाल हुए कार्यमुक्त 

महाराष्ट्र: हेमंत नगराले को पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार, जायसवाल हुए कार्यमुक्त 

Bhaskar Hindi
Update: 2021-01-07 18:28 GMT
महाराष्ट्र: हेमंत नगराले को पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार, जायसवाल हुए कार्यमुक्त 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। हेमंत नागराले को राज्य के पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। गुरूवार दोपहर मुंबई स्थित महाराष्ट्र पुलिस मुख्यालय में सुबोध कुमार जायसवाल ने नागराले को पदभार सौंपा। जायसवाल को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) का डीजी बनाया गया है।

58 वर्षीय नागराले 1987 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। नागराले डीजी (लीगल एंड टेक्निकल) की भी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। राज्य सरकार ने गुरुवार को जायसवाल को पदभार से मुक्त करने और नागराले को अतिरिक्त प्रभार सौंपने से जुड़ा आदेश जारी किया। जिम्मेदारी संभालने के बाद नागराले ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वे राज्य सरकार और आम लोगों के भरोसे पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता होगी। इसके अलावा नक्सल और आतंकवाद की समस्या से निपटने की भी वे पूरी कोशिश करेंगे।

बता दें कि नियमों के मुताबिक यूपीएससी से राज्य के पुलिस महानिदेशक पद के लिए आए तीन नामों में से नए डीजी का चुनाव करना होगा। जब तक नाम नहीं आते तक नागराले के पास जिम्मेदारी रहेगी। माना जा रहा है कि यूपीएससी से नागराले के नाम को हरी झंडी मिलने के बाद उन्हें ही राज्य का नया डीजीपी नियुक्त किया जाएगा।

राज्य सरकार से नाराजगी नहीं-जायसवाल
नागराले को राज्य के पुलिस महानिदेशक पद की जिम्मेदारी हस्तांतरित करने के बाद सुबोध जायसवाल ने राज्य सरकार के अपने मतभेदों की खबरों से इनकार किया। पत्रकारों से सवालों के जवाब देते हुए जायसवाल कहा कि राज्य सरकार से उनके कोई मतभेद नहीं है और उन पर पद छोड़ने का दबाव भी नहीं था। उनका दो साल का कार्यकाल पूरा होने वाला था। जिसके बाद उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी किसी से नाराजगी नहीं है और उन्हें किसी से शिकायत भी नहीं है। जायसवाल ने कहा कि कोरोना संक्रमण जैसे चुनौतीपूर्ण समय में उन्होंने अपनी जिम्मेदारी पूरी की इस बात की उन्हें खुशी है।    

नागपुर में हुई है नागराले की माध्यमिक शिक्षा 
हेमंत नागराले ने छठी कक्षा तक की अपनी पढ़ाई चंद्रपुर जिले के भद्रावती में स्थित जिला परिषद के स्कूल से की है। इसके बाद उन्होंने नागपुर के पटवर्धन हाईस्कूल से आगे की शिक्षा हासिल की। उन्होंने नागपुर के ही वीआरसीई (फिलहाल VNIT) से बीई (मैकेनिकल) की डिग्री हासिल की। इसके बाद मुंबई के JBIMS से मास्टर ऑफ फाइनांस मैनेजमेंट में स्नातकोत्तर किया। 1987 बैच में महाराष्ट्र कैडर से IPS चुने गए हेमंत नागराले को पहली जिम्मेदारी नक्सल प्रभावित चंद्रपुर जिले में राजुरा के ASP के तौर पर मिली थी। कुछ साल वे केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर CBI के लिए भी काम कर चुके हैं। इसके बाद नई मुंबई पुलिस आयुक्त समेत कई जिम्मेदारियों को निभाते हुए नागराले राज्य में पुलिस की सबसे बड़ी कुर्सी तक पहुंचे हैं।

Tags:    

Similar News