महाराष्ट्र में बनेगा देश का पहला हार्स म्यूजियम, सीएम फडणवीस ने किया भूमिपूजन

महाराष्ट्र में बनेगा देश का पहला हार्स म्यूजियम, सीएम फडणवीस ने किया भूमिपूजन

Bhaskar Hindi
Update: 2017-12-08 18:47 GMT
महाराष्ट्र में बनेगा देश का पहला हार्स म्यूजियम, सीएम फडणवीस ने किया भूमिपूजन

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नंदूरबार के सारंगखेड़ा में देश के पहले हॉर्स म्यूजियम का शुक्रवार को भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया है कि नंदूरबार के सांगरखेडा में बनने वाले अश्व संग्रहालय विश्व के पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। यह हॉर्स म्यूजियम करीब 4 करोड़ 98 लाख की लागत से नंदुरबार जिले में तापी नदी के किनारे लगभग साढ़े छह एकड़ क्षेत्रफल में बनेगा। देश के पहले हॉर्स म्यूजियम के भूमि पूजन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि चेतक महोत्सव में जिस तरह से देशभर के कई राज्यों और इस बार विदेश से खासकर जापान से पर्यटक आए हैं, उस  देखते हुए कहा जा सकता है कि आने वाले 3 वर्षों में यहां निश्चित ही एक प्लेन भरकर विदेशी पर्यटक आएंगे।

300 साल पुराना है घोड़ों का व्यापार: रावल
राज्य के पर्यटन मंत्री जय कुमार रावल ने बताया कि सारंगखेड़ा में घोड़ों का व्यवसाय करीब 300 साल पुराना है। पिछले कुछ सालों से मुख्यमंत्री फडणवीस के नेतृत्व में राज्य सरकार ने सारंगखेडा में चेतक महोत्सव आयोजित कर इस पूरे क्षेत्र को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करना शुरू किया है। जिसे देसी और विदेशी पर्यटकों का बहुत ही अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।

चेतक महोत्सव में एक करोड़ का ‘ऑस्कर’
चेतक महोत्सव में सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र इस बार एक करोड़ 11 लाख कीमत वाला ऑस्कर घोड़ा है। मारवाड़ी नस्ल के घोड़े की उम्र 4 साल है और यह लगभग 64 इंच ऊंचा है। क्योंकि ऑस्कर घोड़े में विशेष प्रकार के घोड़ों में पाए जाने वाले सभी लक्षण मौजूद है। लिहाजा इसी साल जनवरी में राजस्थान के जोधपुर में हुए रॉयल शो में इसकी कीमत एक करोड़ 11 लाख रूपये लगाई गई थी, परंतु इसके मालिक ने इसे बेचने से इंकार किया था। चेतक महोत्सव में ऑस्कर घोड़े को टक्कर बाहुबली नामक घोड़ा दे रहा है। इस घोड़े की कीमत फिलहाल 51 लाख रुपए लगाई गई है। ऑस्कर की उम्र इस वक्त महज 2 साल की है पर यह 65 इंच ऊंचा है। ऑस्कर और बाहुबली घोड़े की तरह ही महाराष्ट्र प्रशांत पाटिल का नरसिंह घोड़ा भी पूरे चेतक महोत्सव में चर्चा का केंद्र है। पूरी तरह से सफेद रंग के नरसिंह घोड़े की कीमत 11 लाख रुपए लगाई गई है।

देश विदेश के घोड़ों की प्रदर्शनी
महाराष्ट्र के सारंगखेड़ा चेतक महोत्सव में इस साल मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात और अफगानिस्तान के घोड़े प्रदर्शनी में लाए गए हैं। चेतक महोत्सव के आयोजक जयपाल सिंह रावल उर्फ मुन्ना दादा ने बताया कि चेतक महोत्सव की शुरुआत इस साल 3 दिसंबर से हुई है और अब तक करीब 50 विभिन्न नस्ल के घोड़े बिके हैं। जिनकी कुल कीमत डेढ़ करोड़ रुपए से अधिक है।

Similar News