महज 18 दिन में 41 लाख लोगों को लगा कोरोना टीका, अमेरिका-ब्रिटेन से आगे निकला भारत

महज 18 दिन में 41 लाख लोगों को लगा कोरोना टीका, अमेरिका-ब्रिटेन से आगे निकला भारत

Bhaskar Hindi
Update: 2021-02-04 12:40 GMT
महज 18 दिन में 41 लाख लोगों को लगा कोरोना टीका, अमेरिका-ब्रिटेन से आगे निकला भारत

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए 16 जनवरी से दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान शुरू हुआ था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसकी घोषणा की थी। देश के अलग-अलग राज्‍यों में पहले चरण में हेल्‍थ वर्करों को यह टीका लगाया जा रहा है। सबसे तेज गति से कोरोना वायरस वैक्सीन लगने के मामले में भारत सबसे आगे निकल गया है। भारत में सिर्फ 18 दिनों में 41 लाख से ज्यादा लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया है। 

 

 

बता दें कि भारत पहला देश है, जहां इतनी तेज गति से टीकाकरण हुआ है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा, कोविड-19 रोधी टीके लगाने के मामले में भारत एक फरवरी को दुनिया के शीर्ष पांच देशों की सूची में था। भारत तेज गति से यह टीकाकरण जारी रखेगा। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि कोविड-19 के खिलाफ भारत की लड़ाई को अन्य मोर्चों पर भी सफलता मिल रही है। 

भारत ने वैश्विक महामारी के खिलाफ अपनी लड़ाई में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। केवल 18 दिनों में ही लगभग 45 लाख लाभार्थियों को कोविड-19 वैक्सीन दी जा चुकी है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने गुरुवार को यह जानकारी दी। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने यह भी दावा किया कि भारत केवल 18 दिनों में 41 लाख से ज्यादा लोगों को कोरोना टीका लगाकर विश्व में पहला स्थान हासिल कर लिया है।

आंकड़ों के अनुसार, संयुक्त राज्य अमेरिका, इजरायल, ब्रिटेन और भारत ने अपनी आबादी के 40 लाख से अधिक लोगों को वैक्सीन दे दी है। भारत की तुलना में अमेरिका को इसमें 20 दिन लगे, जबकि इजरायल और ब्रिटेन प्रत्येक को इस आंकड़े तक पहुंचने में 39 दिन लगे। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के बयान में कहा गया है, कई अन्य देशों ने लगभग 65 दिनों से टीकाकरण शुरू कर रखा है। भारत ने देशव्यापी कोविड-19 टीकाकरण अभियान 16 जनवरी, 2021 को शुरू किया है। यह वैश्विक महामारी के खिलाफ अपनी लड़ाई में देश की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

4,63,793 टीकाकरण के साथ उत्तर प्रदेश शीर्ष पर है। इसके बाद राजस्थान 3,63,521, महाराष्ट्र 3,54,633, मध्य प्रदेश 3,30,722, कर्नाटक 3,16,638, गुजरात 3,11,251 और पश्चिम बंगाल 3,01,091 के साथ शीर्ष राज्यों की सूची में शामिल हैं। कुल टीकाकरण में इन राज्यों का क्रमश: 10.4, 8.2, 8, 7.4,7.1,7 और 6.8 प्रतिशत हिस्सा है।

फिलहाल भारत की कुल सक्रिय (एक्टिव) मामलों की संख्या घटकर 1.55 लाख रह गई है। देश के मौजूदा सक्रिय मामलों की संख्या कुल संक्रमित मामलों की केवल 1.44 प्रतिशत हो गई है। पिछले कुछ सप्ताहों से सक्रिय मामलों की संख्या में दिन प्रतिदिन परिवर्तन हो रहा है जो सक्रिय मामलों में लगातार गिरावट को दर्शाता है। हालांकि विशेषज्ञों के अनुसार, मामलों में गिरावट को टीकाकरण के साथ नहीं जोड़ा जाना चाहिए। 

Tags:    

Similar News