चार घंटे देरी से नागपुर पहुंची इंडिगो की फ्लाइट, यात्री भड़के

चार घंटे देरी से नागपुर पहुंची इंडिगो की फ्लाइट, यात्री भड़के

Anita Peddulwar
Update: 2019-01-23 07:38 GMT
चार घंटे देरी से नागपुर पहुंची इंडिगो की फ्लाइट, यात्री भड़के

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पिछले माह भर से फ्लाइट्स की लेट-लतीफी से यात्रियों में अच्छी खासी नाराजगी देखी जा रही है। मंगलवार को भी फ्लाइट देरी से आने की सूचना मिलते ही एक कपल भड़क उठा। आरोप है कि  इंडिगो कंपनी के स्टॉफ भी यात्रियों को नजरअंदाज करते  हैं। उनका बर्ताव इंडिगो को भारी पड़ गया। सुबह बंगलुरु से संतरानगरी के डॉ.बाबासाहब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर आने वाला विमान 4 घंटे देरी से पहुंचा। इससे एक दंपति भड़क उठा और देखते ही देखते अन्य यात्री भी भड़क उठे। विमानतल पर जमकर हंगामा हुआ।

यह है मामला
जनकारी के अनुसार, बंगलुरु में कोहरे के कारण वहां से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक-509 अपने तय समय सुबह 7.45 बजे से 4 घंटे लेट था, लेकिन जानकारी यात्रियों को नहीं दी गई। एक-दो घंटे बाद भी जब विमान नहीं आया तो यात्रियों ने इंडिगो के स्टाॅफ से जानकारी मांगी। कोई उचित उत्तर नहीं मिलने पर एक दंपति भड़क उठा। अन्य यात्रियों के सब्र का बांध भी टूट गया और वह भी भड़ास निकालने लगे। पहले यात्रियों ने अंदर हंगामा किया, लेकिन जब सुनवाई नहीं हुई तो टर्मिनल के पास आकर हंगामा करने लगे। इस दौरान इंडिगो के स्टॉफ को जमकर खरी-खोटी सुनाई। विमान सुबह 11.45 बजे पहुंचा और इंदौर के लिए 12.30 बजे उड़ान भरी। विमान में 115 यात्री सवार थे।

यह मांग कर रहे थे यात्री
यात्रियों का कहना था कि यदि विमान लेट था तो पहले से क्याें नहीं बताया गया? वह विमानतल पर 4 घंटे से इंतजार कर रहे हैं। कुछ यात्रियों ने  कनेक्टिंग फ्लाइट छूटने का भी आरोप लगाया। यात्रियों का गुस्सा देख इंडिगो के स्टॉफ चुपचाप खड़े रहे। 

यह विमान भी देरी से आए
पुणे से आने वाला गो एयर का विमान क्रमांक 283 अपने तय समय दोपहर 8.55 बजे से करीब 2.30 घंटे देरी से, मुंबई से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक 482 अपने तय समय सुबह 10 बजे से करीब 2.30 घंटे देरी से, बंगलुरु से आने वाला इंडिगो का विमान 365 अपने तय समय दोपहर 1.35 बजे से करीब 1.15 घंटे देरी से डॉ. बाबासाहब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल नागपुर पहुंचा।

Similar News