राकांपा परिवार संवाद दौरा करेंगे जयंत पाटील, गड़चिरोली से होगी शुरुआत 

राकांपा परिवार संवाद दौरा करेंगे जयंत पाटील, गड़चिरोली से होगी शुरुआत 

Anita Peddulwar
Update: 2021-01-23 13:45 GMT
राकांपा परिवार संवाद दौरा करेंगे जयंत पाटील, गड़चिरोली से होगी शुरुआत 

डिजिटल डेस्क, मुंबई।  राकांपा के प्रदेश अध्यक्ष तथा राज्य के जलसंसाधन मंत्री जयंत पाटील आगामी नगर निकाय चुनावों के मद्देनजर पार्टी के जनाधार को बढ़ाने के लिए राष्ट्रवादी परिवार संवाद दौरा करेंगे। शनिवार को प्रदेश राकांपा कार्यालय में पाटील ने इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि पहले चरण में राष्ट्रवादी परिवार संवाद दौरा 28 जनवरी को गडचिरोली के अहेरी तहसील से शुरु होगा। जबकि जलगांव में 13 फरवरी को इसका समापन होगा। पाटील लगातार 17 दिनों तक विदर्भ और खानदेश के 14 जिलों और 82 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे। वे यात्रा के लिए विदर्भ और खानदेश अंचल में तीन हजार किमी का सफर तय करेंगे। इस दौरान वे पार्टी कार्यकर्ताओं की 135 बैठकें और 10 सभाओं में हिस्सा लेंगे।

पाटील दौरे के दौरान राकांपा के सभी फ्रंटल की तहसीलवार बैठक लेंगे। पाटील ने बताया कि राष्ट्रवादी परिवार संवाद दौरे में पार्टी सांसद प्रफुल पटेल, प्रदेश के गृहमंत्री अनिल देशमुख, अन्न व औषधि प्रशासन मंत्री डॉ. राजेंद्र शिंगणे, राष्ट्रवादी महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रुपालीताई चाकणकर, राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मेहबूब शेख, राष्ट्रवादी युवती कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्षा सक्षणा सलगर, राष्ट्रवादी विद्यार्थी कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सुनील गव्हाणे उपस्थित रहेंगे। पाटील ने बताया कि राष्ट्रवादी परिवार संवाद दौरे की शुरुआत 28 जनवरी को गडचिरोली की अहेरी से होगी। इसके बाद 29 जनवरी को चंद्रपुर, 30 जनवरी को भंडारा व गोंदिया, 31 जनवरी को गोंदिया, 1 फरवरी को नागपुर, 2 फरवरी को नागपुर ग्रामीण, 3 फरवरी को वर्धा, 4 फरवरी को अमरावती, 5 फरवरी को यवतमाल, 6 फरवरी को वाशिम, 7 फरवरी को अकोला, 8 फरवरी को बुलढाणा, 9 फरवरी को धुलिया, 10 फरवरी को नंदूरबार और 11,12 और 13 फरवरी को जलगांव का दौरा होगा। राज्य में आगामी समय में नगर पालिका, नगर परिषद और मनपा चुनाव होने वाले हैं। इसके मद्देनजर पाटील का राष्ट्रवादी परिवार संवाद दौरा अहम माना जा रहा है। 
 

Tags:    

Similar News