कलमना का उड़ानपुल गिरा, बाल-बाल बचे लोग

नागपुर कलमना का उड़ानपुल गिरा, बाल-बाल बचे लोग

Anita Peddulwar
Update: 2021-10-20 04:59 GMT
कलमना का उड़ानपुल गिरा, बाल-बाल बचे लोग

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  कलमना इलाके में सर्जा बार के पास नेशनल हाइवे ऑफ इंडिया (एनएचआईए) का उड़ानपुल बनने के पहले ही गिर गया। चिखली चौक से एचबी टाउन पारडी रोड पर सर्जा बार के पास एनएचआईए का उड़ानपुल के दो पिल्लरों के बीच का हिस्सा धराशायी हुआ। किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन उड़ानपुल के निर्माणकार्य को लेकर कई सवाल उठ खड़े हुए हैं। पिछले कुछ समय से उड़ानपुल का काम बंद होने की जानकारी है।

देर रात तक गहमा-गहमी
पता चलते ही  परिसर में स्थानीय नेता और नागरिकों की भीड़ जमा हो गई। क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त मनीष कलवानिया सहित आस- पास के थानों का पुलिस दल पहुंचा। भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। देर रात तक परिसर में गहमा-गहमी बनी रही।

आभा पांडे की कार बाल-बाल बची
वरिष्ठ नगरसेविका आभा पांडे की कार हादसे में बाल-बाल बच गईं। आभा पांडे भरत नगर में साई मंदिर में परिवार के साथ दर्शन कर कार से लौट रही थीं। उनकी कार ने जैसे घटनास्थल को पार किया, वैसे ही उड़ानपुल का हिस्सा धराशायी हो गया। एक बाइक सवार भी हादसे का शिकार होने से बच गया।

धीमी गति से काम, घटिया सामग्री का इस्तेमाल
क्षेत्र के नागरिकों और स्थानीय नेताओं का आरोप है कि इस उड़ानपुल का निर्माणकार्य कछुआ गति से चल रहा है। निर्माण में घटिया दर्जे की सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिसके चलते यह घटना हुई।

गहनता से होगी जांच
एक स्पैन गिरा है। उड़ानपुल पर दो-ढाई महीने पहले ही यह स्पैन रखा गया था। प्राथमिक दृष्ट्या यह लापरवाही तो नहीं लगती, बेयरिंग फेल होने से स्पैन गिरने की जानकारी है। गहनता से जांच होगी, दोषी पर कार्रवाई होगी। कल सुबह सबसे पहले तकनीकी गड़बड़ी की जांच की जाएगी। दो एजेंसियों को इसका काम दिया गया है।  
-राजीव अग्रवाल, प्रादेशिक अधिकारी, एनएचएआई

निरीक्षण किया था
मैंने 15-20 दिन पहले ही एनएचएआई प्रमुख राजीव अग्रवाल के साथ उड़ानपुल का दौरा कर निरीक्षण किया था। हादसे की जानकारी केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी को दी है। एनएचएआई को भी बताया है। मैं कोई इंजीनियर नहीं हूं। कांग्रेस-राकांपा क्या शरद पवार, नाना पटोले या उद्धव ठाकरे से जांच कराना चाहती है, यह भी बताएं।  कांग्रेस-राकांपा इस पर घटिया राजनीति कर रही है।  -कृष्णा खोपड़े, विधायक भाजपा

विकास के नाम पर विनाश
केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी, विधायक कृष्णा खोपड़े हर कार्यक्रम में विकास की बात करते हैं। क्या यही विकास है। विकास के नाम पर विनाश किया है। उड़ानपुल में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया। झूठ उजागर हो गया है। इसलिए केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी तुरंत इस्तीफा दें। -उमाकांत अग्निहोत्री, प्रदेश सचिव, कांग्रेस

बाल-बाल बची पार्षद
आज मैं बाल-बाल बची हूं। जनता की किस्मत है कि कोई इसकी चपेट में नहीं आया। ऐसा विकास किस काम का, जो जनता की जान ले। उड़ानपुल का गिरना बताता है कि इसमें घटिया सामग्री का इस्तेमाल और भ्रष्टाचार हुआ है।       -आभा पांडे, पार्षद

विधायक के खिलाफ नारेबाजी
घटनास्थल पर मौजूद भीड़ ने क्षेत्र के विधायक कृष्णा  खोपड़े के खिलाफ नारेबाजी की। मौके की नजाकत को देख कलमना, पारडी, वाठोडा थाने सहित आस-पास के थानों की पुलिस को भी बंदोबस्त के लिए बुलाया गया। परिसर में वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।आक्रोश... क्षेत्र के विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी

 

 

 

 

Tags:    

Similar News