काटोल का किसान ‘विदर्भ गौरव पुरस्कार-2021’ से सम्मानित

सम्मान काटोल का किसान ‘विदर्भ गौरव पुरस्कार-2021’ से सम्मानित

Anita Peddulwar
Update: 2021-11-25 06:30 GMT
काटोल का किसान ‘विदर्भ गौरव पुरस्कार-2021’ से सम्मानित

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  कृषि विकास प्रतिष्ठान नागपुर की ओर से बुधवार को स्व. माणिकलाल गांधी स्मृति विदर्भ गौरव पुरस्कार से काटोल के किसान धीरज जुनघरे को सम्मानित किया गया। पुरस्कार बाजार कृषि समिति के अध्यक्ष चरणसिंह ठाकुर के हाथों दिया गया। कार्यक्रम का आयोजन शंकर नगर स्थित श्रीमंत बाबूराव धनवटे सभागृह में किया गया। अध्यक्षता जय महाकाली शिक्षण संस्था ‌वर्धा के अध्यक्ष शंकर प्रसाद अग्निहोत्री ने की। प्रमुख अतिथि वनराई के अनंतराव घारड, डॉ. गिरीश गांधी थे। इस अवसर पर रामजी काले, किशोर कन्हेरे, अरुण वानखड़े, बंडोपंत उमरकर, श्रीधर सोलावे उपस्थित थे। 

पूरे भारत में भेजे जाते हैं संतरे
विदर्भ गौरव पुरस्कार विगत 40 वर्ष से प्रगतिशील किसानों को दिया जाता है। इस बार काटोल क्षेत्र में संतरे का उत्पादन लेने वाले श्री जुनघरे को इससे सम्मानित कर एक लाख रुपए व स्मृति चिह्न प्रदान किया गया है। काटोल के हाथला गांव में उनकी करीब 200 एकड़ खेती है, जहां 150 हेक्टेयर में उन्होंने संतरे की फसल ली है। एक साल में जुनघरे खेत से 15 से 20 टन तक संतरे की उपज लेते हैं। उनके संतरे पूरे भारत में भेजे जाते हैं। विदर्भ के किसानों को इनके द्वारा मार्गदर्शन मिले और किसान प्रेरणा ले सकें, इस उद्देश्य से उन्हें पुरस्कृत किया गया है।

पिता की तरह खेती कर रहा हूं 
मैं भी अपने पिता की तरह किसान हूं। उपरोक्त पुरस्कार मेरे लिए अहम है। मेरे पिता 1980 से खेती कर रहे हैं। मैंने भी इसे ही चुना। कुछ हटकर करने के उद्देश्य से संतरे के बाग लगाए। वर्ष 2009 में लगाए बाग से वर्ष 2013 तक मुझे अच्छी उपज मिलने लगी थी। उसके बाद मैंने और खेती का दायरा बढ़ाते हुए संतरे के पौधे लगाए। अत्याधुनिक प्रणाली से लगातार खेती कर रहा हूं, जिससे अच्छी आमदनी प्राप्त हो जाती है। 
धीरज जुनघरे (किसान) काटोल
 

Tags:    

Similar News