धोखाधड़ी, पिटाई, छीना-झपटी और आग सहित जानिए नागपुर की क्राइम की खबरें

धोखाधड़ी, पिटाई, छीना-झपटी और आग सहित जानिए नागपुर की क्राइम की खबरें

Anita Peddulwar
Update: 2021-07-09 07:05 GMT
धोखाधड़ी, पिटाई, छीना-झपटी और आग सहित जानिए नागपुर की क्राइम की खबरें

डिजिटल डेस्क, नागपुर। धोखाधड़ी, पिटाई, छीना-झपटी और आग सहित  नागपुर में क्राइम की खबरें लगातार बढ़ रही है। इसी कड़ी में हुड़केश्वर में दो आरोपियों पर फर्जी तरीके से प्लॉट बिक्री करने का मामला दर्ज किया गया है। अारोपियों के नाम गणेश येलेकर, आकाश नगर और नीतेश सेंगर,  भगवती नगर, चिखली खुर्द निवासी है। किसी और का प्लॉट खुद का बताकर आरोपियों ने उसे बेच दिया। पुलिस के अनुसार जवाहर नगर, हुड़केश्वर निवासी ललिता सोनवाणे ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हुड़केश्वर थाने में ठगी की शिकायत की है। दर्ज शिकायत के अनुसार 1 नवंबर  2019 से 31 मई 2020 के बीच मानेवाड़ा, मंगलदीप, को-आॅप. हाउसिंग सोसाइटी लिमिटेड में अारोपी  नितेश ने पीड़ित ललिता के साथ फर्जी करारनामा कर उससे 2 लाख रुपए लिए और एक फर्जी प्लॉट का बिक्री पत्र कर दिया। आरोपियों की करतूत उजागर होने पर महिला ने शिकायत की। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

कपिल नगर में दंपति की पिटाई
कपिल नगर में कुछ आरोपियों ने एक दंपति की पिटाई कर दी। एक आरोपी का पिटाई से मन शांत नहीं हुआ, तो उसने पत्नी से छेड़छाड़ भी की। पीड़ित महिला की सास ने आरोपी गुरुपाल उर्फ मोंटू सरदार (35), उसके भांजे पारस व अन्य दो आरोपियों के खिलाफ कपिल नगर थाने में शिकायत की। महिला पुलिस उप-निरीक्षक कालुंके ने आरोपियों पर धारा  452, 354, 294, 323, 504, 506(ब), 34 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी गुरुपाल उर्फ मोंटू, पारस ने अपने दो अन्य साथियों के साथ शिकायतकर्ता महिला के बेटे और बहू के साथ मारपीट की और बहू के साथ पारस ने छेड़छाड़ भी की। 

जख्मी कर आरोपियों ने छीनी चांदी की चेन
इमामवाड़ा क्षेत्र में बस्ती के युवक के साथ दोपहिया पर जाते समय 32 वर्षीय शहजाद अहमद नामक युवक को तीन बदमाशों ने चाकू से जख्मी कर दिया और उसकी चांदी की चेन छीनकर फरार हो गए। घटना 7 जुलाई को रात करीब 11.50 बजे हुई। पुलिस जानकारी के अनुसार दहीकर झंडा चौक, रामबाग निवासी शहजाद मुत्तकीम अहमद बस्ती के एक युवक के साथ दोपहिया पर कहीं जा रहा था। इस दौरान आरोपी रितिक ने अपने दो साथियों के साथ शहजाद को रोका और उसे चाकू से जख्मी कर चांदी की चेन छीनकर फरार हो गया। जख्मी शहजाद की शिकायत पर इमामवाड़ा थाने में आरोपी रितिक और उसके दो साथियों के खिलाफ धारा 341, 394, 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है। चेन की 1400 रुपए कीमत बताई गई है। 

इमामवाड़ा में दो वाहनों को लगा दी आग
इमामवाड़ा क्षेत्र में घर के सामने खड़े दो दोपहिया वाहनों को असामाजिक तत्व ने आग लगा दी। घटना 8 जुलाई को तड़के करीब 3 बजे हुई। सचिन पाटील (43) की शिकायत पर इमामवाड़ा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार बोधिसत्व बौद्ध विहार, इमामवाड़ा निवासी सचिन पाटील ने शिकायत में बताया कि, उनकी और उनके पड़ोसी के दोपहिया वाहन क्रमांक क्रमश: एम.एच.-49-एल.-9050 व एम.एच.-31-बी.एस.-6356 को किसी ने आग लगाकर जला दिया। 
उप-निरीक्षक बंसोड़ ने धारा 435 के तहत मामला दर्ज किया है।  
 
सुबह उठने पर मालूम हुआ
सचिन की गुरुवार को सुबह जल्दी नींद खुलने पर वे घर के बाहर निकले। इस दौरान उन्हें खुद का और पड़ोसी का दोपहिया वाहन जलते हुए दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत पड़ोसी को आवाज देकर जगाया। पश्चात वाहनों पर पानी डालकर आग बुझाई।

डांटा तो बालिका घर से चली गई
परिजनों डांटा तो एक  14 वर्षीय बालिका घर से बिना कुछ बताए चली गई। परिजनों की शिकायत पर अजनी पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देश के तहत अपहरण का मामला दर्ज किया है। परिजनों को शक है कि, उसे अज्ञात आरोपी बहला फुसलाकर ले गया है। पुलिस के अनुसार 7 जुलाई को बालिका के परिजनों ने उसकी भलाई के लिए उसे डांटा था। इससे गुस्से में आकर बालिका घर से चली गई। पहले परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी खोजबीन की, जब वह नहीं मिली, तब अजन थाने में शिकायत की। पुलिस ने अपहरण का प्रकरण दर्ज किया है। मामले की जांच कर रही है। 

Tags:    

Similar News