श्वान का शिकार करने घर में जा घुसा तेंदुआ, 5 घंटे की मशक्कत के बाद हुआ कैद

श्वान का शिकार करने घर में जा घुसा तेंदुआ, 5 घंटे की मशक्कत के बाद हुआ कैद

Anita Peddulwar
Update: 2021-01-06 13:04 GMT
श्वान का शिकार करने घर में जा घुसा तेंदुआ, 5 घंटे की मशक्कत के बाद हुआ कैद

डिजिटल डेस्क, इगतपुरी। तहसील के पिंपलगाव भटाटा शिवार के गांगड़वाड़ी में श्वान का शिकार करने के चक्कर में तेंदुआ एक घर में जा घुसा, जिसे पिंजरे में बंद करने के लिए वन विभाग को अच्छी-खासी मशक्कत करनी पड़ी।  5 घंटे के बाद घर के दरवाजे के पास लगाए गए पिंजरे में तेंदुआ आखिरकार बंद हुआ। इसके बाद वन विभाग के साथ ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

परिसर में मादा तेंदुआ होने की चर्चा काफी दिनों से चल रही थी। बता दें कि मंगलवार को वैतरणा मार्ग के पिंपलगाव भटाटा गांव के गांगडवाड़ी में दोपहर दो बजे के आस पास श्वान का शिकार के चक्कर में जी जान एक कर भाग रहा तेंदुआ गोविंद हिंदोले के घर में घुस गया। इसके बाद हिंदोले ने घर का दरवाजा बंद करते हुए आस पास के नागरिकों को जानकारी दी। इस बीच घर में घुसा श्वान घर से भाग निकला। वन विभाग तेंदुए को पिंजरे में बंद करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा था, लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ।

 अंधेरा होने के बाद वन विभाग ने घर के दरवाजे पर पिंजरा लगाया। इसके बाद पटाखे जला कर तेंदुए को घर से बाहर निकालने का प्रयास किया गया।  रात 8.30 बजे के आस पास तेंदुआ पिंजरे में बंद हुआ।लगातार शुरू रेस्क्यू ऑपरेशन को जिले के सहायक वन संरक्षक पवार के मार्गदर्शन में इगतपुरी के वन अधिकारी रमेश ढोमसे, वन परिमंडल अधिकारी भाऊसाहब राव, दत्तू ढोन्नर, वन रक्षक जाधव, मनीषा सोनवणे आदि ने सफल बनाया।
 

Tags:    

Similar News