जामुनपानी के जंगल में तेंदुए मवेशियों का शिकार, तीसरी आँख से वन विभाग रख रहा नजर

जामुनपानी के जंगल में तेंदुए मवेशियों का शिकार, तीसरी आँख से वन विभाग रख रहा नजर

Bhaskar Hindi
Update: 2019-04-01 16:41 GMT
जामुनपानी के जंगल में तेंदुए मवेशियों का शिकार, तीसरी आँख से वन विभाग रख रहा नजर

डिजिटल डेस्क,छिंदवाड़ा। पूर्व हर्रई के ग्राम जामुनपानी से लगे जंगल में एक बार फिर मवेशियों के झुंड में तेंदुए ने हमला कर दिया। इस हमले में तेंदुए ने एक गाय को अपना शिकार बनाया है। जंगल में लगातार हो रहे मवेशियों के शिकार से ग्रामीणों में हड़कंप है। वन विभाग की टीम भी अब तेंदुए पर नजर रख रही है। इसके लिए विभाग ने कैमरे लगाए हैं, ताकि तेंदुए की हर हरकत पर नजर रखी जा सके।  बताया जा रहा है कि वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को हिदायद भी दी गई थी कि वे अपने मवेशियों को जंगल में न भेजें, लेकिन ग्रामीणों द्वारा मवेशियों को जंगल में भेज दिया गया, जिसके कारण गाय का शिकार तेंदुए द्वारा किया जा रहा है।

नहीं लौटी गाय-
सोमवार सुबह जंगल में गश्ती के दौरान फारेस्ट की टीम ने मृत मवेशी को देखा और उसके आसपास कैमरे लगा दिए है। बताया जा रहा है कि दान शा ने रविवार को मवेशियों को जंगल में चरने छोड़ा था। शाम को अन्य मवेशी तो लौट आए लेकिन एक गाय वापस नहीं लौटी। सोमवार सुबह गांव से लगे जंगल में उस गाय का शव मिला। फारेस्ट की टीम ने मुआवजा प्रकरण तैयार करने के साथ मृत गाय के आसपास कैमरे लगाए है।
एक ही किसान की छह गायों का शिकार-
बताया जाता है कि पिछले एक माह में तेंदुआ दस गायों का शिकार कर चुका है। इनमें से छ: गाय दान शा की है। फारेस्ट की टीम ने ग्रामीणों को हिदायत दी थी कि वे मवेशियों को जंगल में न छोड़े। इसके बाद भी किसान द्वारा मवेशी को जंगल में चरने छोड़ दिया गया। इस वजह से लगातार उनकी गायों का शिकार तेंदुए द्वारा किया जा रहा है।
मारकर छोड़ा, मांस खाने लौटेगा तेंदुआ-
फारेस्ट के अधिकारियों ने बताया कि तेंदुए ने गाय का शिकार कर उसका शव कुछ दूर झाडिय़ों में ले जाकर छोड़ दिया है। तेंदुआ मांस खाने दोबारा वहां लौटकर आएगा। इसके पहले टीम ने मृत गाय के आसपास कैमरे लगा दिए है। ताकि यह स्पष्ट हो जाए कि किस वन्यजीव ने शिकार किया है।

Tags:    

Similar News