मप्र: विधानसभा उपाध्यक्ष के लिए BJP से देवड़ा तो कांग्रेस से हिना मैदान में

मप्र: विधानसभा उपाध्यक्ष के लिए BJP से देवड़ा तो कांग्रेस से हिना मैदान में

Bhaskar Hindi
Update: 2019-01-09 08:17 GMT
मप्र: विधानसभा उपाध्यक्ष के लिए BJP से देवड़ा तो कांग्रेस से हिना मैदान में
हाईलाइट
  • 15 साल बाद सत्ता में आई कांग्रेस कराएंगी चुनाव
  • पहले विपक्ष को दे दिया जाता था उपाध्यक्ष का पद
  • मंगलवार को एनपी प्रजापति बने थे विस अध्यक्ष

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा उपाध्यक्ष के लिए कांग्रेस से हिना कावरे तो भाजपा से जगदीश देवड़ा ने बुधवार को नामांकन दाखिल किया। परंपरा के मुताबिक अब विधानसभा उपाध्यक्ष का पद विपक्ष को दिया जाता था, लेकिन 15 सालों बाद सत्ता में आई कांग्रेस ने चुनाव का ऐलान किया है। विधानसभा उपाध्यक्ष का चुनाव 10 जनवरी को होगा।

मप्र की 15वीं विधानसभा में कांग्रेस ने प्रत्याशी बनाकर बालाघाट जिले की लांजी सीट से विधायक हिना कांवरे को मैदान में उतारा है। कुछ दिनों पहले ही कांग्रेस ने हिना को राष्ट्रीय प्रवक्ता भी बनाया है। हिना पूर्व मंत्री दिवंगत लिखीराम कावरे की बेटी हैं। इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष पद को लेकर भी भाजपा और कांग्रेस में काफी गहमा-गहमी हुई थी। कांग्रेस के प्रोटेम स्पीकर दीपक सक्सेना ने मंगलवार को कांग्रेस के एनपी प्रजापति को स्पीकर घोषित कर दिया था। इसके बाद भाजपा ने विधानसभा से राज भवन तक पैदल मार्च निकाला था।

बहुजन समाज पार्टी विधायक संजीव सिंह कुशवाहा (संजू) ने विधानसभा में वोटिंग कराने का अनुरोध किया था, जिसके बाद वोटिंग हुई, जिसमें कांग्रेस के नर्मदा प्रसाद प्रजापति ने 120 वोट के साथ स्पीकर का चुनाव जीत लिया था, हालांकि भाजपा ने इसमें भाग नहीं लिया था, इसलिए प्रजापति के विरोध में एक भी वोट नहीं पड़ सका था। भाजपा ने कांग्रेस ने पर विजय शाह के प्रस्ताव को स्वीकार न करके आदिवासी समाज का अपमान करने का आरोप लगाया था। बता दें कि इससे पहले स्पीकर के लिए 1967 में वोटिंग हुई थी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमारे विधायकों को वोटिंग के लिए 100-100 करोड़ रुपए का ऑफर दिया।

Similar News