94 फीसदी बुआई हुई पूर्ण, कर्ज बंटा 35 फीसदी , बैंकों से किसान हुआ निराश, अब फसलों से है आस

94 फीसदी बुआई हुई पूर्ण, कर्ज बंटा 35 फीसदी , बैंकों से किसान हुआ निराश, अब फसलों से है आस

Anita Peddulwar
Update: 2018-08-29 10:17 GMT
94 फीसदी बुआई हुई पूर्ण, कर्ज बंटा 35 फीसदी , बैंकों से किसान हुआ निराश, अब फसलों से है आस

डिजिटल डेस्क, अमरावती। जिले में खरीफ सीजन में 94.50 प्रतिशत बुआई पूर्ण हुई है। जिसमें बैंकों से किसानों को मात्र 35 फीसदी ही कर्ज वितरण किया गया है। इधर-उधर से कर्ज लेकर बुआई करने वाले किसानों को अब अपनी फसलों से ही आस बंधी है।

बता दें कि जिले में अब तक  540.6 मि.मी फीसदी बारिश  दर्ज की गई। किसानों ने 14 तहसील अंतर्गत कुल 677770  हेक्टेअर क्षेत्र में  94.59  फीसदी बुआई की है। बुआई प्रक्रिया लगभग खत्म होने की कगार पर होने के बावजूद किसानों को कर्ज वितरण के मामले में जिले की सभी बैंक शाखाएं पिछड़ती नजर आ रही है। हालांकि पालकमंत्री प्रवीण पोटे सहित जिलाधीश अभिजीत बांगर ने किसानों को कर्ज वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश कई बार दिए हैं, लेकिन बैंकों की कछुआ गति के चलते बड़े पैमाने पर किसानों को फसल कर्ज का वितरण नहीं हो पाया है।

गत 20  अगस्त की कृषि विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जहां जिले में बुआई प्रक्रिया 94.59  फीसदी पूर्ण हो चुकी है, वहीं जिला अग्रणीय बैंक की 28 अगस्त की रिपोर्ट के अनुसार जिले में इस वर्ष 2 लाख 46  हजार  628  किसानों को  1630 करोड़ रुपए कर्ज वितरण का लक्ष्य वर्ष 2018-19  के लिए रखा गया था। किंतु 28  अगस्त तक मात्र 58 हजार 594  किसानों को 563  करोड 46  लाख कर्ज वितरण हो पाया है।

बता दें कि विगत वर्ष की तरह इस वर्ष भी दो सप्ताह तक बारिश ने लंबा ब्रेक देने के चलते किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें उमड़ आई थी। जिसके चलते फसल मुरझाने की कगार पर दिखाई दे रही थी। किंतु एक बार फिर बारिश ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के बाद किसानों के चेहरे पर उम्मीद की किरण दिखाई दे रही है। किंतु बैंकों की कछुआ गति के चलते किसानों को अब तक उम्मीद के मुताबिक कर्ज वितरण नहीं हो पाया है। इधर-उधर से कर्ज लेकर जिन किसानों ने बुआई पूर्ण की है उन्हें अब फसलों से आस बंधी है।

कर्ज वितरण में पिछड़ीं राष्ट्रीयकृत बैंक  
जिले के विभिन्न बैंक शाखाओं के जरिए 28 अगस्त तक 35 फीसदी कर्ज वितरण किया गया है। इनमें राष्ट्रीयकृत बैंकों की ओर से 34  हजार 966  किसानों को  376  करोड़ 96  लाख कर्ज वितरण किया गया है। जो कि अब तक 37  फीसदी दर्ज किया गया है। वहीं कमर्शियल बैंकों की ओर से भी 37  फीसदी कर्ज वितरण किया गया है। इनमें 36  हजार  944  किसानों को  405 करोड़  34  लाख रुपए कर्ज वितरित किया गया। ग्रामीण बैंकों की ओर से 37  हजार  460  किसानों को  409  करोड़ 6 लाख तक 37 फीसदी कर्ज वितरण किया गया। सहकारी बैंक द्वारा 21 हजार 234   किसानों को 154  करोड़ 40  लाख रुपए तक 30 फीसदी कर्ज वितरण किया गया है।

Similar News