ड्रोन से ‘बप्पा की विदाई’ पर रहेगी निगरानी, जगह-जगह सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

ड्रोन से ‘बप्पा की विदाई’ पर रहेगी निगरानी, जगह-जगह सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

Anita Peddulwar
Update: 2018-09-22 11:07 GMT
ड्रोन से ‘बप्पा की विदाई’ पर रहेगी निगरानी, जगह-जगह सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  जैसे-जैसे बप्पा के विदाई की घड़ी पास आ रही है प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।  शहर के फुटाला, अंबाझरी, गांधीसागर और अन्य तालाबों पर श्री गणेश विसर्जन के लिए नागरिकों की भारी भीड़ जमा होती है। यातायात पुलिस विभाग के उपायुक्त राजतिलक रोशन ने बुधवार को फुटाला तालाब का जायजा लिया। इस दौरान यहां पर ड्रोन व मोबाइल सर्विलांस वाहन से जायजा लिया गया। फुटाला तालाब में गणेश विसर्जन की व्यवस्था व सड़क की सुरक्षा को लेकर बंदोबस्त में तैनात रहने वाले पुलिस अधिकारी- कर्मचारियों का मार्गदर्शन भी उन्होंने किया।

इस वर्ष ड्रोन आैर मोबाइल सर्विलांस वाहन की मदद ली जा रही है। इससे पुलिस काफी दूर तक निगरानी रख सकेंगे। पुलिस इस क्षेत्र में हर गतिविधियों पर नजर रखेंगी। उपायुक्त रोशन ने ड्रोन उड़ाकर उसका अवलोकन किया। फुटाला तालाब परिसर में बने अस्थायी पुलिस नियंत्रण कक्ष का भी निरीक्षण किया। मोबाइल सर्विलांस वाहन में  4 कैमरे लगाए गए हैं, जो चारों ओर से तस्वीरें लेकर पुलिस तक पहुंचाएंगे। इस दौरान ड्रोन फुटाला तालाब में लगने वाली भीड़ पर नजर रखने के लिए उपयोगी सिद्ध होने वाला है। 

5 कि.मी तक रहेगी नजर
सूत्रों के अनुसार ड्रोन के माध्यम से करीब 5 किलोमीटर तक नजर रखी जा सकेगी। उपायुक्त ने बताया कि  एरियल व्यूह के माध्यम से संपूर्ण फुटाला पर नजर रखी जा सकेगी। एक ही जगह पर बैठकर संपूर्ण परिसर पर कैसे नजर रखी जा सकेगी। इस बारे में जानकारी हासिल की गई। जिस जगह पर यातायात व्यवस्था लड़खड़ाती नजर आएगी। उस जगह तत्काल पुलिस कर्मियों को भेजा जा सकेगा। इससे यातायात व्यवस्था बाधित नहीं होगी। पहली बार ड्रोन और उक्त वाहन का उपयोग विसर्जन के समय किया जा रहा है। इन दोनों संसाधन से पुलिस कर्मियों की संख्या में काफी कमी की गई है। हालांकि यातायात व्यवस्था पुलिस कर्मियों काे ही संभालनी होगी। समय पर कार्रवाई की जा सके, इसलिए आधुनिक यंत्रों का उपयोग किया जा रहा है।

 

Similar News