रिमझिम फुहारों से मौसम हुआ सुहाना, दिन भर छाये रहेंगे बादल

रिमझिम फुहारों से मौसम हुआ सुहाना, दिन भर छाये रहेंगे बादल

Anita Peddulwar
Update: 2019-04-16 05:51 GMT
रिमझिम फुहारों से मौसम हुआ सुहाना, दिन भर छाये रहेंगे बादल

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सुबह-सुबह तेज हवाओं के बीच रिमझिम फुहारों से उपराजधानी सराबोर हो गई।  मौसम में आए अचानक बदलाव के कारण मंगलवार को दूसरे दिन भी पारा लुढ़ककर मौसम सुहाना हो गया। सोमवार को नागपुर समेत पूरे विदर्भ में बदरीले मौसम का असर देखा गया।  सोमवार को दिन भर आसमान में बादलों का राज रहा। धूप व गर्मी से परेशान लोगोें को इससे बड़ी राहत मिली। नागपुर व आसपास के जिलों में हुई हल्की बूंदाबांदी से मौसम ठंडा होने के साथ ही रात को तेज हवा चली। लंबे समय बाद शहरवासियों को ठंडी हवा का एहसास हुआ। 

दिन में चहल-पहल
 पिछले कुछ दिनों से जारी तेज धूप व गर्मी से स्थानीय स्तर पर बने दबाव क्षेत्र से नागपुर जिले व आस-पास के जिलों में हल्की बूंदाबांदी हुई। सुबह से ही आसमान में बादलों का राज रहने से सड़कों व बाजारों में चहल-पहल दिखाई दी। शाम से ही ठंडी हवा चलना शुरू हुई। रात को तेज हवा के साथ मौसम ठंडा-ठंडा हुआ। कई जगह हवा इतनी तेज चली कि वाहन चालकों को गति कम करनी पड़ी।मंगलवार की सुबह तेज हवाओं के साथ बारिश से लोग छाता और रेनकोट निकालकर आफिस के लिए निकलते हुए देखे गये।

ऐसा रहा तापमान
माैसम विभाग के अनुसार, सोमवार को नागपुर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री रहा। अकोला, अमरावती, बुलढाणा, वर्धा, वाशिम व यवतमाल में तापमान में पारा लुढ़ककर नीचे आ गया। विदर्भ में चंद्रपुर सबसे ज्यादा गर्म रहा। चंद्रपुर में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री व ब्रह्मपुरी में 43.8 डिग्री तापमान रहा। हालांकि यह तापमान रविवार को दर्ज तापमान से कम है। चंद्रपुर व ब्रह्मपुरी को छोड़कर विदर्भ के बाकी शहरों में तापमान कम रहा। 

शाम को भी बूंदाबांदी भी हो सकती है
मौसम विभाग की मानें तो मंगलवार को दिन भर आसमान में बादल छाए रहेंगे। शाम को गरज के साथ ठंडी हवा चलने के साथ  रात को बूंदाबांदी हो सकती है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक रह सकता है। रात को मौसम फिर सुहाना बन सकता है। 

Tags:    

Similar News