कोंकण गए महावितरण कर्मचारी कोरोना संक्रमित होकर लौटे

कोंकण गए महावितरण कर्मचारी कोरोना संक्रमित होकर लौटे

Anita Peddulwar
Update: 2020-07-06 08:17 GMT
कोंकण गए महावितरण कर्मचारी कोरोना संक्रमित होकर लौटे

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कोंकण में आई प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए महावितरण नागपुर व वर्धा कार्यालय से भेजे गए कर्मचारियों में से कुछ कोरोना संक्रमित हो गए। वर्धा जिले के 5 व नागपुर जिले के दो कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए।   सरकार के आदेश पर विदर्भ से महावितरण के 200 लाइनमैन कोंकण में भेजे गए थे। महावितरण नागपुर व वर्धा जिले से 45 कर्मचारी भेजे गए थे। 12 जून को इन कर्मचारियों को भेजा गया था। काम पूरा करके ये सभी कर्मचारी शुक्रवार 3 जुलाई को लौटे। महावितरण ने सभी कर्मचारियों को क्वारेंटाइन करने के साथ ही कोरोना टेस्ट की। वर्धा के 5 कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए। इसमें हिंगणघाट के 3 व देवली व पुलगांव का एक-एक कर्मचारी शामिल है। नागपुर जिले के कोंढाली, बुटीबोरी, वाड़ी समेत 4 कर्मचारी कोरोना पाजिटिव आने की खबर है। हालांकि महावितरण ने नागपुर जिले से केवल 1 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव आने की जानकारी दी।

ऑफिस पहुंचे थे रिपोर्ट करने 
कोंकण से लौटने के बाद कर्मचारियों ने अपनेे कार्यालय में रिपोर्ट दी। इसके बाद इन्हें घर में क्वारेंटाइन रहने को कहा गया। महावितरण ने इनकी कोरोना टेस्ट करवाई। 20 कर्मचारियों की कोरोना रिपोर्ट अभी तक आना बाकी है। 7 कर्मचािरयों के कोरोना पाजिटिव आने से महावितरण में हड़कंप मच गया है। 

एक को थी खांसी-सर्दी 
कोंकण से लौटे एक कर्मचारी को खांसी, सर्दी हुई आैर इसी के मद्देनजर महावितरण ने कोंकण गए सभी की कोरोना टेस्ट करने का निर्णय लिया था।  

परिजनों की भी हो जांच 
कोंकण से लौटने के बाद कर्मचारी सीधे रिपोर्ट करने कार्यालय पहुंचे। होम क्वारंटाइन के तहत कर्मचारी अपने-अपने घर गए। कर्मचारियों ने होम क्वारेंटाइन के नियमों का कितना पालन किया, इसकी जानकारी महावितरण को भी नहीं है। परिवार के संपर्क में आने की बात से इनकार नहीं किया जा सकता। 

 यहां ड्यूटी पर ज्वाइन नहीं कराया गया  
नागपुर व वर्धा से करीब 45 कर्मचारियों को कोंकण भेजा गया था। 13 जून को कर्मचारी गए थे आैर 3 जून को वापस आए। सुरक्षा की दृष्टि से सभी को क्वारेंटाइन करने के अलावा इनकी कोरोना टेस्ट की गई। अभी तक वर्धा से 5 व नागपुर से 1 कर्मचारी कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। सभी की टेस्ट रिपोर्ट आना बाकी है। किसी को भी ड्यूटी पर ज्वाइन नहीं कराया गया। कोंकण से लौटने के बाद किसी ने भी कार्यालय में काम नहीं किया। वापस लौटने की नियमानुसार रिपोर्ट जरूर की। 
-अजित इगतपुरीकर जनसंपर्क अधिकारी, महावितरण नागपुर.  

वाड़ी का भी कर्मचारी  संक्रमित
वाडी में महावितरण कर्मचारी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यहां अब मरीजों की संख्या 4 हो गई है। स्वास्थ्य निरीक्षक धनंजय गोतमारे ने बताया कि उक्त कर्मचारी को एम्स में भर्ती कराया गया है। वह सत्यसाईं बाबा सोसाइटी में किराए के मकान में रहता था। पिछले माह आंधी-तूफान से रायगढ़ में बिजली व्यवस्था चरमरा गई थी। उसे सुधारने के लिए नागपुर से महावितरण की टीम भेजी गई थी। वाड़ी महावितरण से इसे भी भेजा गया था। बीते एक डेढ़ माह से सभी कर्मचारी रायगढ़ में ही थे। वहां से 2 जुलाई को वाड़ी घर पर आया। अगले दिन 3 जुलाई को तबीयत बिगड़ी तो निजी क्लीनिक में गया। कोरोना सदृश लक्षण दिखने पर जांच हुई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर वह खुद एम्स में भर्ती हुआ। रायगढ़ जाने के पहले उसने पत्नी को ससुराल भेज दिया था। तब से वह वहीं पर है।  

अधिकारी पहुंचे निवास सील करने
सूचना मिलते ही नगर परिषद मुख्याधिकारी जुम्मा प्यारेवाले, स्वास्थ्य निरीक्षक धनजय गोतमारे के साथ नप कर्मचारी सफाई कर्मचारी प्रवीण नांदूरकर व प्रफुल गुढधे सत्यसाईं बाबा सोसाइटी पहुंचे। मरीज के घर को सील कर दिया गया है।  
 

Tags:    

Similar News