अफगान नागरिकों को चूना लगाने वाला ईरानी गिरफ्तार

अफगान नागरिकों को चूना लगाने वाला ईरानी गिरफ्तार

Bhaskar Hindi
Update: 2019-03-24 13:52 GMT
अफगान नागरिकों को चूना लगाने वाला ईरानी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। दो अफगानिस्तानी नागरिकों को चूना लगाकर 13 हजार रुपए की विदेशी मुद्रा लेकर भागे एक ईरानी आरोपी को मालाबार हिल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ठगी के इस मामले में एक 16 साल का ईरानी लड़का भी शामिल था लेकिन पुलिस ने उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। आरोपी को उसके खिलाफ जारी लुकआउट नोटिस के चलते दिल्ली हवाईअड्डे से पकड़ा गया और बाद में मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी का नाम शीर महमूद हमेदानी है। मामले में अफगानिस्तानी नागरिक सफीकुल्ला इबादी ने जनवरी महीने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया था कि अपने दोस्त गफूर हाशमी के साथ वे टूरिस्ट वीजा पर मुंबई आए थे। 26 जनवरी को दोनों वालकेश्वर इलाके में स्थित अफगानी दूतावास से गिरगांव चौपाटी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दो लोग उनके पास आए और उनसे भारतीय रूपयों की जानकारी मांगते हुए रुपए दिखाने को कहा। इसके बाद आरोपियों ने बड़ी सफाई से दोनों से 11 हजार 137 रूपए कीमत के अमेरिकी, ऑस्ट्रेलियाई डॉलर और भारतीय रूपए लेकर फरार हो गए। इसके बाद मलबार हिल पुलिस स्टेशन में मामले की शिकायत की गई। 

सीसीटीवी के आधार पर छानबीन में जुटी पुलिस को पता चला कि ठगी करने वाले आरोपी एक कार से आए थे। इस कार में कुल चार लोग सवार थे। इसके बाद पता चला कि वे जुहू इलाके में स्थित एक होटल में ठहरे थे। यहां से पुलिस ने चारों आरोपियों के पासपोर्ट की फोटोकॉपी हासिल कर ली। चारों की तस्वीरें दिखाए जाने के बाद इबादी ने हमेदानी और उसके साथ मौजूद अली असगर को पहचान लिया। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया था। दोनों को उस वक्त पकड़ा गया जब वे वापस ईरान जाने के लिए हवाईअड्डे पहुंचे थे।

Tags:    

Similar News