सेवाग्राम में दो अक्टूबर को होगी कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक, पहुंचेंगे 300 बड़े नेता

सेवाग्राम में दो अक्टूबर को होगी कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक, पहुंचेंगे 300 बड़े नेता

Anita Peddulwar
Update: 2018-09-28 06:00 GMT
सेवाग्राम में दो अक्टूबर को होगी कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक, पहुंचेंगे 300 बड़े नेता

डिजिटल डेस्क, नागपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की कार्यसमिति की बैठक सेवाग्राम के बापू कुटी परिसर के सर्व सेवा संघ अखिल भारतीय सर्वोदय मंडल महादेव भाई भवन में होगी। इसका आयोजन महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर दो अक्टूबर की दोपहर डेढ़ बजे होगा। 

वर्धा संवाददाता के अनुसार तय कार्यक्रम के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह समेत कांग्रेसी नेता 2 अक्टूबर की सुबह 11.30 बजे बापू कुटी परिसर में प्रार्थना करेंगे। दोपहर 12.30 बजे भोजन के बाद सेवाग्राम के बापू कुटी परिसर से लगभग एक किमी दूर स्थित महादेव भाई भवन परिसर में कार्यसमिति की बैठक होगी, जिसमें आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी व देश के पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के बारे में मंथन होगा।

पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस में मूल्यवृद्धि के खिलाफ आंदोलन समेत केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता तक आवाज पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को टिप्स  भी दिए जाएंगे। कार्यसमिति की बैठक खत्म होने पर शाम 4 बजे वर्धा के जिलाधिकारी कार्यालय के सामने स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास से पदयात्रा निकाली जाएगी। राहुल गांधी, सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह, अशोक गहलोत, प्रदेश अध्यक्ष अशोक चव्हाण सहित कांग्रेसी नेता शामिल होंगे। पदयात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई रामनगर के सर्कस ग्राउंड में पहुंचेगी। वहां जनसभा को राहुल, सोनिया और मनमोहन सिंह संबोधित करेंगे। 

‘नई तालीम’ में होगी भोजन की व्यवस्था
सेवाग्राम बापू कुटी स्थित ‘नई तालीम’ में भोजन की व्यवस्था की गई है। बताया जा रहा है कि सुबह 11:30 से 12:30 तक बापू कुटी के प्रार्थना प्रांगण में प्रार्थना समाप्त होने के बाद नई तालीम में भोजन होगा। 
  
बापू कुटी के आस-पास 3 बड़े हॉल में होगी रुकने की व्यवस्था
आगामी 2 अक्टूबर को वर्धा, सेवाग्राम में होने जा रही अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में देशभर से लगभग 300 बड़े नेता शामिल होंगे। इन नेताओं के लिए सेवाग्राम, बापू कुटी  के आस-पास तीन बड़े हॉल में रुकने की व्यवस्था किए जाने की जानकारी है। कुछ नेताओं की नागपुर के रेडीसन ब्लू में व्यवस्था की जाएगी। जरूरत अनुसार अन्य होटल भी आरक्षित किए जाएंगे। यह पहला मौका है जब कांग्रेस ने अपनी राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक दिल्ली से बाहर की है। सेवाग्राम को इसके िलए चुना गया है। ऐसे में पूरा देश का ध्यान वर्धा पर लग गया है। वर्धा, नागपुर से लगा होने के कारण व्यवस्था का दारोमदार स्थानीय पदाधिकारियों पर ज्यादा है।

ऐसे में व्यवस्था पर निगरानी रखने के लिए खुद प्रदेशाध्यक्ष अशोक चव्हाण शनिवार से विदर्भ में होंगे। इसके अलावा संपूर्ण प्रदेश कांग्रेस शनिवार से नागपुर और वर्धा में रहेगी। रणनीति का केंद्र नागपुर बनेगा। यहीं से कहां क्या कार्यक्रम होंगे, इसका संचालन किया जाएगा। सबसे बड़ा सिरदर्द नेताओं के रुकने का है। ऐसे में बापू कुटी के पास तीन बड़े हॉल आरक्षित किए गए हैं। कुछ अति-विशिष्टों के लिए नागपुर के रेडीसन ब्लू में व्यवस्था होगी। सभी नेता सुबह यहां से सीधे वर्धा के लिए रवाना होंगे।   

Similar News