अचानक नागपुर संघ मुख्यालय पहुंची उमा भारती, गोपनीय रहा दौरा

अचानक नागपुर संघ मुख्यालय पहुंची उमा भारती, गोपनीय रहा दौरा

Anita Peddulwar
Update: 2018-12-29 08:38 GMT
अचानक नागपुर संघ मुख्यालय पहुंची उमा भारती, गोपनीय रहा दौरा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। केंद्रीय पेयजल आपूर्ति व स्वच्छता मामलों की मंत्री उमा भारती अचानक नागपुर पहुंचीं। यहां आने के बाद वे सीधे महल स्थित संघ मुख्यालय के लिए रवाना हुईं। संघ के पूर्व प्रवक्ता मा.गो वैद्य से भी मुलाकात की। करीब दो घंटे बाद वे भोपाल के लिए रवाना हाे गईं। उनका यह दौरा एक तरह से गोपनीय रहा। इससे पहले मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के दौरान भी वे अचानक हेलिकॉप्टर से यहां पहुंची थीं। लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा के बाद भारती का संघ मुख्यालय में यह दूसरा दौरा है।

मंदिर मामले पर चर्चा
गौरतलब है कि भारती उत्तर प्रदेश की झांसी लोकसभा सीट से चुनाव जीती हैं। स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उन्होंने लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा की है। मध्यप्रदेश की मुख्यमंत्री रह चुकीं भारती फिलहाल भोपाल में अधिक समय रहती हैं। विधानसभा चुनाव के पहले वे मध्यप्रदेश में भी राजनीतिक तौर पर सक्रिय रहीं। दो दिन पहले भोपाल में उत्तरप्रदेश व मध्यप्रदेश के कुछ विधायकों के साथ एक मंच को साझा करना चर्चा में रहा था। हनुमान को लेकर बयानों की राजनीति में भारती का ताजा बयान भी काफी चर्चा में रहा था। राम मंदिर मामले में वे सरकार की प्रतिनिधि होने के बाद भी भाजपा व संघ कार्यकर्ता के तौर पर खुलकर बयान देती रही हैं। सरसंघचालक से उनकी चर्चा की जानकारी, तो नहीं मिल पाई है, पर माना जा रहा है कि मंदिर मामले से लेकर भाजपा की ताजा राजनीति पर उनकी चर्चा हुई। 

वैद्य को शुभकामनाएं दीं
सूत्रों के अनुसार भारती ने संघ मुख्यालय में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत से करीब एक घंटे तक राजनीतिक विषयों पर चर्चा कीं। जानकारी के अनुसार भारती सुबह 10.15 बजे भोपाल से ही ट्रेन से यहां पहुंची थीं। रेलवे स्टेशन से वे सीधे संघ मुख्यालय में पहुंचीं। करीब 11.20 बजे वे संघ मुख्यालय से मा.गो वैद्य के घर के लिए रवाना हुईं। श्री वैद्य को इसी सप्ताह एक समाचार चैनल की ओर से जीवन गौरव पुरस्कार मिला है। भारती ने श्री वैद्य को शुभकामनाएं दीं। 10 मिनट में ही वे रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हो गईं। करीब  12 बजे जीटी एक्सप्रेस से भोपाल के लिए रवाना हुईं।

Similar News