जंगल में मिला ट्रांसपोर्ट व्यापारी का शव, हत्या कर कार छिपाने की कोशिश

जंगल में मिला ट्रांसपोर्ट व्यापारी का शव, हत्या कर कार छिपाने की कोशिश

Anita Peddulwar
Update: 2019-04-29 06:11 GMT
जंगल में मिला ट्रांसपोर्ट व्यापारी का शव, हत्या कर कार छिपाने की कोशिश

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर में हत्या की बढ़ती वारदातों ने दहला कर रख दिया है।  शहर के ट्रांसपोर्ट व्यापारी का शव कोंढाली के जंगल में पाया गया। करोड़ों की संपत्ति को लेकर उसका कुछ बिल्डरों और कुख्यात बदमाशों से विवाद था। दीक्षित नगर निवासी भूपेंद्र सिंह माकन (46) उर्फ बॉबी सरदार 25 अप्रैल गुरुवार को जरीपटका क्षेत्र से संदिग्ध स्थिति में गायब हुआ था। दूसरे दिन सुबह करीब आठ बजे के दौरान कोंढाली थाने की हद में काठलाबोडी के जंगल में उसका शव पाया गया है। चूंकि शरीर पर मार का कोई निशान नहीं है, इसलिए  गला घोंटकर हत्या किए जाने का संदेह है। घटना में सुपारी देने की आशंका भी व्यक्त की जा रही है। 

प्रापर्टी से जुड़े तीन-चार विवाद
बॉबी के साथ करोड़ों रुपए की प्रापर्टी से जुड़े तीन-चार विवाद हैं। एक मामला बिल्डर मोर्यानी से जुड़ा हुआ है, जो 7-8 वर्ष से अदालत में विचाराधीन है। कुख्यात बदमाश लिटिल सरदार से भी उसका विवाद था। एक शादी में किसी बात को लेकर विवाद खुलकर सामने आया था।   पुलिस ने विविध दिशाओें में जांच-पड़ताल की, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। कोंढाली जाने वाले मार्ग पर टोला नाका लेकर स्मार्ट सिटी और निजी प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरोें की पड़ताल की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बॉबी की मौत से पर्दा उठने की संभावना है। 

फिर गायब
25 तारीख की दोपहर करीब 12:30 बजे बॉबी सरदार संदिग्ध स्थिति में गायब हो गया। इसके पहले वह घर से अपने ट्रांसपोर्ट ऑफिस के लिए निकला था। आखिरीबार 10:12 बजे पत्नी से बॉबी की बात हुई। उस वक्त पत्नी ने घर में खाने का पार्सल पहुंचने की जानकारी दी थी। इसके बाद उनमें कोई बात नहीं हुई।  

कचरे में थी कार
जरीपटका थाना परिसर के मंगलवारी बाजार से बॉबी की कार (क्र.एमएच 31 सीएम 7979) बरामद की गई है। किसी ने कार को कचरे में छिपाने का प्रयास किया है। कार से खर्रा बरामद हुआ है, जबकि बॉबी खर्रा खाता नहीं था। 

किसी से बात करते हुए सीसीटीवी में कैद
एक स्थान पर बॉबी कार में किसी से बात करते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। इससे आखिरी समय में बॉबी के साथ उसी के होने का अंदाजा लगाया जा रहा है। किसी करीबी व्यक्ति की मदद से बॉबी को मौत के घाट उतारने का संदेह है। फिलहाल प्रकरण को आकस्मिक मृत्यु के तौर पर दर्ज किया गया है। जांच जारी है। 

Tags:    

Similar News