Assam-Mizoram Border Dispute: मिजोरम ने बॉर्डर पर ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया, सेना को भी लेनी होगी मंजूरी

Assam-Mizoram Border Dispute: मिजोरम ने बॉर्डर पर ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया, सेना को भी लेनी होगी मंजूरी

Bhaskar Hindi
Update: 2021-07-30 16:14 GMT
Assam-Mizoram Border Dispute: मिजोरम ने बॉर्डर पर ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया, सेना को भी लेनी होगी मंजूरी

डिजिटल डेस्क, आइजोल। असम के साथ चल रहे सीमा विवाद के बीच मिजोरम में कोलासिब जिला प्रशासन ने कई क्षेत्रों को ड्रोन के लिए "नो फ्लाइंग" जोन घोषित किया है। इस आदेश से प्रभावित क्षेत्रों में वैरेंगटे और ऐतलांग शामिल हैं। शुक्रवार को जारी किए आदेश में कोलासिब जिला प्रशासन ने कहा कि सेना को भी संबंधित क्षेत्रों में ड्रोन ऑपरेट करने के लिए जिला मजिस्ट्रेट की अनुमति लेनी होगी।

असम-मिजोरम में स्थिति पर नजर रखने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की छह कंपनियों को तैनात किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक सीआरपीएफ के जवानों ने दोनों राज्यों के बीच नेशनल हाईवे 306 पर गश्त शुरू कर दी है। केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने बुधवार को असम और मिजोरम के शीर्ष अधिकारियों की एक बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति बनाए रखने के लिए एक समझौता किया गया। दोनों राज्यों के मुख्य सचिवों और डीजीपी ने केंद्रीय बलों को शांति रक्षक के रूप में कार्य करने की अनुमति देने पर सहमति व्यक्त की।

असम और मिजोरम की फोर्स के बीच सोमवार को हुई झड़प में पांच पुलिस अधिकारियों समेत छह लोगों की मौत हो गई थी। असम के सीएम हेमंत बिस्वा सरमा ने दावा किया था कि मिजोरम ने असम पुलिस कर्मियों पर गोली चलाने के लिए "लाइट-मशीन गन" का इस्तेमाल किया। वहीं मिजोरम ने आरोप लगाया कि असम पुलिस ने पहले गोली चलाई थी। इस बीच मिजोरम के 6 अफसरों को असम पुलिस ने समन भी भेजा है।

इससे पहले गुरुवार को असम सरकार ने एक एडवाइजरी जारी कर स्थानीय लोगों को मिजोरम की यात्रा करने से परहेज करने को कहा था। इसके साथ ये भी कहा गया था कि काम से संबंधित मजबूरी के कारण मिजोरम में रहने वाले असम के लोगों को अत्यधिक सावधानी बरतनी चाहिए। सरकार ने इस एडवाइजरी को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया था।

Tags:    

Similar News