MLC चुनाव : चंद्रशेखर बावनकुले विभाग प्रमुख नियुक्त

MLC चुनाव : चंद्रशेखर बावनकुले विभाग प्रमुख नियुक्त

Anita Peddulwar
Update: 2020-11-10 04:29 GMT
MLC चुनाव : चंद्रशेखर बावनकुले विभाग प्रमुख नियुक्त

डिजिटल डेस्क, नागपुर। विधानपरिषद के नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए चुनाव में भाजपा ने चंद्रशेखर बावनकुले को विभाग प्रमुख नियुक्त किया है। प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील ने नियुक्ति पत्र में उम्मीद की है कि बावनकुले के नेतृत्व में भाजपा को इस चुनाव में सफलता मिलेगी। बावनकुले प्रदेश भाजपा के महासचिव भी हैं। 2019 के विधानसभा चुनाव में मंत्री रहते हुए भी बावनकुले को पार्टी ने उम्मीदवार नहीं बनाया था। उन्हें पूर्व विदर्भ में संगठन मामलों की जिम्मेदारी दी गई थी। चुनाव परिणाम भाजपा के लिए चौंकानेवाला आया था। पूर्व विदर्भ में भी भाजपा को राजनीतिक तौर पर झटका लगा था। यहां तक कि नागपुर जिले में भी भाजपा अपनी पुरानी स्थिति पर कायम नहीं रह पायी थी।

विधानसभा के लिए बावनकुले का टिकट कटने का मामला अब तक साफ नहीं हो पाया है। बावनकुले उस समय भी चर्चा में थे जब राज्य में विधानपरिषद  की 10 सीटों के लिए चुनाव हुआ। नागपुर से प्रवीण दटके को भाजपा ने उम्मीदवार बनाया। विधानमंडल की राजनीति से बावनकुले फिर से चूक  गए थे। प्रदेश भाजपा के संगठन पुनर्गठन में बावनकुले को थोड़ी राहत मिली। उन्हें प्रदेश महासचिव नियुक्त किया गया।  उसके बाद से संगठन में उनकी जिम्मेदारी बढ़ने के संकेत दिए जा रहे हैं। फिलहाल विधानपरिषद के लिए स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव बावनकुले के लिए एक अवसर साबित हो सकता है। इस क्षेत्र से भाजपा विधानपरिषद में प्रतिनिधित्व करती रही है। इस बार पहले से अधिक मतों के अंतर से भाजपा उम्मीदवार की जीत के लिए भाजपा के मेहनत करना होगा। 

 

Tags:    

Similar News