निरुपम के खिलाफ मनसे की आपत्तिजनक पोस्टरबाजी, कामत ग्रुप का भी विरोध

निरुपम के खिलाफ मनसे की आपत्तिजनक पोस्टरबाजी, कामत ग्रुप का भी विरोध

Tejinder Singh
Update: 2018-10-08 13:23 GMT
निरुपम के खिलाफ मनसे की आपत्तिजनक पोस्टरबाजी, कामत ग्रुप का भी विरोध

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम द्वारा नागपुर में दिए बयान को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने निरुपम के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्टरबाजी की है। मनसे की तरफ से जारी पोस्टर में निरुपम को आवारा कुत्ता बताते हुए उन्हें आपत्तिजनक तरीके से चत्रित किया गया है। बीते रविवार को निरुपम ने नागपुर में आयोजित अपने संगठन उत्तर भारतीय महासभा के कार्यक्रम में कहा था कि "उत्तरभारतीयों की वजह से गुजरात-महाराष्ट्र चल रहा है। उत्तर भारतीय एक दिन काम बंद कर दें तो महाराष्ट्र ठप हो जाएगा।" निरुपम के बयान के विरोध में मनसे ने आपत्तिजनक पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल किया है। 

मराठी माणुस का अपमान कर रहे निरुपमः आठवले
आरपीआई अध्यक्ष व केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले ने निरुपम के बयान की निंदा करते हुए कहा है कि वे मराठीभाषियों का अपमान कर रहे हैं। इसका खामियाजा चुनाव में कांग्रेस को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह सच है कि मुंबई के विकास में उत्तरभारतीयों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। लेकिन मुंबई के विकास में मराठाभाषियों का सर्वाधिक योगदान है। आठवले ने कहा निरुपम उत्तरभारतीयों और मराठी भाषियों के बीच विवाद पैदा करना चाहते हैं। आठवले ने कहा कि हम सभी भारतीय हैं। डा बाबा साहेब आंबेडकर के संविधान में सभी भारतीयों को देश के किसी भी हिस्से में रहने का अधिकार मिला है। उन्होंने कहा की परप्रांतियों को संरक्षण मिलना चाहिए।  

कामत समर्थकों ने निरुपम को हटाने पार्टी प्रभारी को लिखा पत्र
उधर दिवंगत कांग्रेस नेता गुरुदास कामत के समर्थकों ने पार्टी प्रभारी मल्लिकार्जुन खडगे को पत्र लिख कर मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष सजंय निरुपम को पद से हटाने की मांग की है। इस पत्र में पूर्व मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष जनार्दन चांदुकर सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के हस्ताक्षर हैं। पत्र में कहा गया है कि निरुपम ने हमारे नेता कामत को बेहद तकलीफ दी। इसका इजहार उन्होंने अपनी मृत्यु के तीन दिन पहले पार्टी कार्यकर्ताओं के सामने किया था। चांदुकर द्वारा लिखे गए पत्र में कहा गया है कि निरुपम कामत के संसदीय क्षेत्र उत्तर-पश्चिम मुंबई सीट से चुनाव लड़ना चाहते हैं लेकिन उनको इस सीट से कतई टिकट न दिया जाए। क्योंकि स्थानीय पार्टी कार्यकर्ता उनके क्रिया-कलापों से बेहद नाराज हैं। इस पत्र पर उत्तर पश्चिम मुंबई के लगभग सभी पार्टी पदाधिकारियों ने हस्ताक्षर किए हैं।

इनमें पूर्व विधायक यूसुफ अब्राहनी, उत्तर-पूर्व जिला कांग्रेस के अध्यक्ष वेलू स्वामी नायडू, पूर्व उप महापौर व कांग्रेस के विधानसभा प्रत्याशी रहे राजेश शर्मा, मुंबई युवक कांग्रेस अध्यक्ष गणेश यादव, राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के मुंबई अध्यक्ष विपिन सिंह, मुंबई कांग्रेस के महासचिव जावेद श्राफ, सुनील गंगवानी, मुंबई महिला कांग्रेस की पूर्व उपाध्यक्ष भावना जैन, कांग्रेस के टिकट पर मनपा चुनाव लड़ चुके महेश मलिक, बीएमसी में विपक्ष के नेता रहे प्रवीण छेडा, मुंबई कांग्रेस के सचिव संदेश म्हात्रे, मुंबई युवक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सदाफ अबोली, पूर्व नगरसेवक कमलेश राय, किरण पटेल, उत्तर-पश्चिम जिला युवक के अध्यक्ष भरत सोलंकी और पूर्व नगरसेवक विष्णु गायकवाड सहित 41 नेताओं के हस्ताक्षर हैं। गौरतलब है कि इसके पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने  खडके से मिलकर निरुपम को हटाने की मांग की थी। इन नेताओं का मानना है कि यदि लोकसभा चुनाव से पहले निरुपम को नहीं हटाया गया तो पार्टी को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।   
 

Similar News