पर्वतारोहियों के समूह को उपलब्ध कराई जाएंगी बचाव कार्य से जुड़ी आधुनिक सामग्री

पर्वतारोहियों के समूह को उपलब्ध कराई जाएंगी बचाव कार्य से जुड़ी आधुनिक सामग्री

Tejinder Singh
Update: 2018-08-06 15:22 GMT
पर्वतारोहियों के समूह को उपलब्ध कराई जाएंगी बचाव कार्य से जुड़ी आधुनिक सामग्री

डिजिटल डेस्क, मुंबई। आपातकालीन परिस्थिति में राहत और बचाव काम के लिए जाने वाले पर्वतारोहियों को आधुनिक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। प्रदेश के 20 जिलों के पर्वतारोहियों के समूह को बचाव कार्य से जुड़ी 5-5 लाख रुपए की अत्याधुनिक सामग्री दी जाएगी। पर्वतारोहियों को पुलिस प्रशासन के माध्यम से पहचान पत्र उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही पर्वतारोहियों की समूह बीमा कराने को लेकर राज्य सरकार प्रयास करेगी।

सोमवार को मंत्रालय में प्रदेश के खेल मंत्री विनोद तावडे ने यह जानकारी दी। तावडे ने मंत्रालय में रायगढ़ के अंबेनाली घाट में हुए बस हादसे में 30 मृतकों के शव को निकालने वाले जांबाज पर्वतारोहियों से मुलाकात की। तावडे ने कहा कि 28 जुलाई को पिकनिक के लिए महाबलेश्वर जा रहे कोंकण कृषि विश्वविद्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों की बस अंबेनाली घाट में 500 फूट खाई में गिर गई थी। इस हादसे में 30 लोगों की मौत हो गई थी। मैंने घाट की खाई से मृतकों के शव को बाहर निकालने वाले पर्वतारोहियों के अनुभवों को सुना।

इस तरह की घटनाओं में उन्हें किस प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ता है। इसकी जानकारी हासिल की। इसके बाद हमने फैसला किया है कि सरकार के खेल विभाग के माध्यम से आने वाले समय में 20 जिलों में  पर्वतारोहियों के समूह को बचाव कार्य से जुड़े आधुनिक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। तावडे ने कहा कि पर्वतारोहियों को पुलिस के माध्यम से पहचान पत्र दिया जाएगा। ताकि उन्हें हादसे के स्थल तक पहुंचने में कोई परेशानी नहीं हो। इसके अलावा अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की मदद करने वाले पर्वतारोहियों का समूह बीमा कराने के लिए बीमा कंपनियों से चर्चा करके उचित फैसला किया जाएगा। 

 

Similar News