NCP सुप्रीमो पवार ने कहा - देश की जनता पीएम मोदी से मायूस है

NCP सुप्रीमो पवार ने कहा - देश की जनता पीएम मोदी से मायूस है

Tejinder Singh
Update: 2018-07-22 09:19 GMT
NCP सुप्रीमो पवार ने कहा - देश की जनता पीएम मोदी से मायूस है

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता को मायूस किया है। खानपान को लेकर लोगों की हत्याएं हो रहीं हैं। इस समय देश को एकजुट रखने की बड़ी चुनौती है। NCP अध्यक्ष शरद पवार ने यह कहते हुए विश्वासमत जीतने के एक दिन बाद ही मोदी सरकार पर बड़ा हमला किया है। मुंबई में आयोजित कार्यकर्ता मार्गदर्शन शिविर को संबोधित करते हुए पवार ने कहा कि जनता ने मोदी को यह सोचकर समर्थन दिया था कि देश के हालात बदलेंगे, लेकिन मोदी लोगों की अपेक्षाएं पूरी करने में असफल रहे हैं। मांसाहार देश के कई हिस्सों में खाद्य संस्कृति का हिस्सा है।

इसके बावजूद गोमांस के शक में लोगों की मॉब लिंचिंग हो रही है। हाल ही में इसी तरह एक शख्स की गोमांस के शक में मार दिया गया लेकिन बाद में जांच में साफ हुआ कि वह गोमांस नहीं था। जिस शख्स की हत्या हुई उसका परिवार रास्ते पर आ गया। इसका जिम्मेदार कौन है। उन्होंने कहा कि पिछले चार सालों में देश की स्थिति देखकर लग रहा है कि यह किसी और दिशा में जा रहा है। राज्यों के बीच, समाज में एकता रहे इसका खयाल रखना केंद्र सरकार का काम था लेकिन समाज में और लोगों में दूरी बढ़ी है यह चिंता का विषय है।

आरक्षण खत्म करने की साजिश - भुजबल
NCP नेता छगन भुजबल ने भाजपा सरकार पर आरक्षण खत्म करने साजिश रचने का आरोप लगाया है। NCP कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में भुजबल ने कहा कि यह चाल सफल नहीं होने दी जाएगी । भुजबल ने यह भी आरोप लगाया कि बुलेट ट्रेन मुंबई को गुजरात बनाने की साजिश का हिस्सा है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि किसी से न घबराएं और लोगों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहें। शिवसेना का उदाहरण देते हुए भुजबल ने कहा कि शिवसेना अपने कार्यकर्ताओं के बल पर कई सालों से मुंबई पर राज कर रही है। शिवसैनिक हर मुद्दे पर आंदोलन के लिए तैयार रहते हैं। आप भी किसी के आदेश का इंतजार मत करिए। वहीं NCP नेता अजित पवार ने कार्यकर्ताओं को आपसी लड़ाई खत्म कर पार्टी के लिए काम करने का आवाहन किया।

Similar News