पिता ने किया बेटी से छेड़छाड़ का विरोध, मनचलों ने चाकुओं से गोदा, मौत

पिता ने किया बेटी से छेड़छाड़ का विरोध, मनचलों ने चाकुओं से गोदा, मौत

Bhaskar Hindi
Update: 2018-08-22 09:50 GMT
पिता ने किया बेटी से छेड़छाड़ का विरोध, मनचलों ने चाकुओं से गोदा, मौत
हाईलाइट
  • किशोरी के पिता के विरोध करने के बाद विवाद हुआ
  • जिसने झगड़े का रूप अख्तियार कर लिया।
  • घटना के बाद से इलाके में तनाव फैला हुआ है।
  • विरोध करने पर सभी ने मिलकर किशोरी के पिता पर चाकुओं से हमला कर दिया और वहां से भाग गए।

डिजिटल डेस्क, मेरठ। बेटी से छेड़छाड़ का विरोध करने की कीमत एक 50 वर्षीय पिता को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। मनचलों ने देर रात चाकू से गोदकर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद से इलाके में तनाव फैला हुआ है। लिसाड़ी गांव में रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी से गांव का ही इमरान नामक युवक आए दिन छेड़छाड़ करता था। किशोरी के परिजन इस बात की शिकायत लेकर कई बार इमरान के घर गए, लेकिन इससे उस पर कोई फर्क नहीं पड़ा। किशोरी के परिजनों ने बताया कि मंगलवार दोपहर इमरान ने फिर किशोरी से छेड़छाड़ की। किशोरी के पिता के विरोध करने के बाद विवाद हुआ, जिसने झगड़े का रूप अख्तियार कर लिया। उस समय किसी तरह दोनों पक्ष अपने-अपने घर चले गए। मंगलवार आधी रात किशोरी के पिता गली में बैठे थे, उस समय ही इमरान अपने भाई रिजवान, इनाम, रिज्जो और पड़ोसी अहसान के साथ वहां आ धमका। उसने किशोरी के पिता को गाली देना शुरू कर दिया। विरोध करने पर सभी ने मिलकर किशोरी के पिता पर चाकुओं से हमला कर दिया और वहां से भाग गए। आनन-फानन में परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने किशोरी के पिता को मृत घोषित कर दिया। एसएसपी राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि मुख्य आरोपी इमरान नशे में था। कहासुनी होने के बाद उसने हमला किया। इमरान, उसके पिता यामीन और भाई इनाम को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी की तलाश जारी है।

छात्रा पर केरोसीन डालकर किया आग के हवाले
एक अन्य घटना में छेड़छाड़ का विरोध करने पर मनचलों ने छात्रा को केरोसीन डालकर आग के हवाले कर दिया। घटना शुक्रवार सुबह की है। मनचलों ने घर में घुसकर दसवीं की छात्रा और उसके परिजनों पर हमला कर दिया।  आरोपियों ने दसवीं की छात्रा पर केरोसिन उड़ेलकर आग लगा दी। 60 फीसदी तक झुलस चुकी छात्रा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब पीड़ित छात्रा के परिजनों ने अस्पताल की दीवार पर न्याय की गुहार लगाते पोस्टर लगा दिए हैं। पोस्टर में छात्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय दिलाने की मांग की है। पुलिस ने इस मामले में 1 महिला समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। छात्रा के दादा की शिकायत पर पुलिस ने राजवंश बागड़ी, देवेंद्र बागड़ी, रोहित सैनी, गजराज सैनी, अमन और दीपक के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर सरधना दिलीप सिंह ने बताया कि मामला गंभीर होने के कारण शिकायत दर्ज की गई।

Similar News