विदर्भ: दिनभर छाए बादल शाम को बरसे, दोपहर बाद हुई रिमझिम बारिश

विदर्भ: दिनभर छाए बादल शाम को बरसे, दोपहर बाद हुई रिमझिम बारिश

Bhaskar Hindi
Update: 2019-06-23 14:55 GMT
विदर्भ: दिनभर छाए बादल शाम को बरसे, दोपहर बाद हुई रिमझिम बारिश

डिजिटल डेस्क, नागपुर। रविवार को महाराष्ट्र की उपराजधानी नागपुर में बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया। सुबह से बादल छाए रहे और दोपहर बाद रिमझिम फुहार शुरु हो गई। इसके साथ ही विदर्भ में मानसून का आगाज हो गया। विदर्भ के कुछ हिस्सों में मानसून के दस्तक देने के साथ ही नागपुर समेत विदर्भ के तापमान में कमी आ गई है।

नागपुर सहित विदर्भ के अधिकांश जिलों में बारिश होने से गर्मी से काफी हद तक राहत मिल गई है। रविवार को तापमान अधिकतम 36.6 डिग्री और न्यूनतम 25.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं शनिवार को नागपुर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री व न्यूनतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस था, मौसम विभाग के मुताबिक नागपुर समेत विदर्भ के कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है।

तापमान में गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को विदर्भ के चंद्रपुर, ब्रह्मपुरी, भंडारा व गोंदिया जिले में मानसून पहुंच गया है। मानसून पहुंचने के साथ ही विदर्भ में तापमान में जबरदस्त गिरावट हुई है। इससे पहले शनिवार को भी दिन भर आसमान में बादल छाए रहे और जगह-जगह बारिश होने का सिलसिला जारी रहा। नागपुर सहित विदर्भ में कई जगह बारिश होने से मौसम खुशगवार हो गया। लंबे समय बाद शहरवासियों को रात को ठंडी हवा का एहसास हुआ। कई जगह लोग बाहर आकर इसका लुत्फ लेते नजर आए।


गरज व तेज हवा के साथ हुई बारिश
मौसम विभाग की मानें तो शनिवार को नागपुर में जो बारिश हुई, वह प्री-मानसून है और जिन जिलों में मानसून पहुंचा वहां मानसून की बारिश हुई। रविवार को आसमान में बादल छाए रहने के साथ ही गरज व तेज हवा के साथ बारिश हुई। कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई थी। विदर्भ में मानसून ने दस्तक देने से अब तापमान में वृद्धि होने की संभावना कम ही है।
 

Tags:    

Similar News