शिवराज ने उड़ाया कांग्रेस-मायावती का मजाक, बोले- हाथी ने नहीं खाए केले

शिवराज ने उड़ाया कांग्रेस-मायावती का मजाक, बोले- हाथी ने नहीं खाए केले

Bhaskar Hindi
Update: 2018-09-21 11:47 GMT
शिवराज ने उड़ाया कांग्रेस-मायावती का मजाक, बोले- हाथी ने नहीं खाए केले

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव करीब आ रहे हैं वैसे-वैसे सियासी पारा चढ़ता जा रहा है। लंबे समय से महागठबंधन की राह देख रहे कांग्रेस को करारा झटका देते हुए बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने गुरुवार को 230 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। BSP के इस ऐलान के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस की चुटकी ली है। शिवराज सिंह ने ट्विटर पर लिखा, "कुछ लोग केले ले कर आगे-पीछे घूम रहे थे, लेकिन वह ये भूल गए थे कि हाथी के दांत खाने के कुछ और होते हैं और दिखाने के कुछ और।"

मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में SC/ST वोट बैंक की बेहद अहम भूमिका रहने वाली है। यहीं वजह है कि कांग्रेस BSP के साथ गठबंधन कर इस वोट बैंक को अपने पाले में करना चाहती थी। बीते कई सालों से BSP ख़ुद अपने दम पर ही छह से नौ फ़ीसदी तक वोट हासिल करती आ रही है। पिछले चुनाव में BSP ने 68 सीटों पर 15,000 या उसके आसपास वोट हासिल किए थे। भाजपा और कांग्रेस के बाद इतना समर्थन पाने वाली वह तीसरी पार्टी थी। यह जनाधार ही कांग्रेस के लिए निर्णायक तौर पर मददग़ार हो सकता था। लेकिन अब जब गठबंधन की खबरों पर विराम लग गया है तो इसका सीधा फायदा बीजेपी को मिल सकता है। सीएम शिवराज सिंह चौहान का ट्वीट भी कुछ इसी ओर इशारा कर रहा है।

गौरतलब है कि मायावती ने आने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2018 में कुल 230 सीटों पर अकेले ही चुनाव लड़ने का फैसला किया है, जबकि छत्तीसगढ़ में मायावती ने अजीत जोगी के साथ गठबंधन करते हुए कांग्रेस पार्टी को मुंह चिढ़ाया है। मायावती ने मध्य प्रदेश चुनाव के लिए अपने 22 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट भी गुरुवार को जारी कर दी थी। अपनी पहली लिस्ट में BSP ने मौजूदा 4 विधायकों में से 3 को फिर से टिकट दिया है। मुरैना के दिमनी विधानसभा से BSP विधायक बलवीर सिंह दंडोतिया का नाम लिस्ट में नहीं है, बाकी 3 विधायक शीला त्यागी, ऊषा चौधरी, सत्य प्रकाश शंखवार को फिर से मिला टिकट मिला है।

 

BSP की पहली लिस्ट इस प्रकार है....

  • लाल सिंह केवट- सबलगढ़ (जिला- मुरैना)
  • सत्य प्रकाश - अंबाह (जिला- मुरैना )
  • लाखन सिंह यादव - सेवड़ा (जिला- दतिया)
  • संजीव सिंह कुशवाहा - भिंड
  • प्रगति लाल यादव - करैरा (जिला- शिवपुरी)
  • बालकृष्ण महोबिया -अशोकनगर
  • पुष्पेंद्र अहिरवार- चंदला (जिला- छतरपुर)
  • रामबाई परिहार - पथरिया (जिला- दमोह)
  • बेलन सिंह धुर्वे - जबेरा (जिला- दमोह)
  • उषा चौधरी विधायक - रैगांव (जिला- सतना)
  • छंगेलाल कोल - अमरपाटन ( जिला- सतना)
  • रामलखन सिंह पटेल - रामपुर बाघेलान (जिला- सतना)
  • राम गरीब कोल - सिरमौर (जिला- रीवा)
  • पंकज सिंह पटेल - सिमरिया ( जिला- रीवा)
  • सीमा सिंह - देवतालाब (जिला- रीवा)
  • शीला त्यागी विधायक - मनगवां ( जिला- रीवा)
  • अशोक पैगाम - चितरंगी (जिला- सिंगरौली)
  • अवध प्रताप सिंह - धोहनी( जिला- सीधी )
  • मोहदल सिंह पाव - जैतपुर (जिला- शहडोल)
  • शिव प्रसाद कोल - बांधवगढ़ (जिला- उमरिया)
  • गोविंद पटेल - बोहरीबंद (जिला- कटनी)
  • बबीता गोटिया - सिहोरा (जिला- जबलपुर)

Similar News