सीएम शिवराज के साले संजय सिंह ने थामा कांग्रेस का हाथ, जीजा को दे सकते हैं चुनौती

सीएम शिवराज के साले संजय सिंह ने थामा कांग्रेस का हाथ, जीजा को दे सकते हैं चुनौती

Bhaskar Hindi
Update: 2018-11-03 11:43 GMT
सीएम शिवराज के साले संजय सिंह ने थामा कांग्रेस का हाथ, जीजा को दे सकते हैं चुनौती

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी को एक बड़ा झटका लगा है। यह तगड़ा झटका विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने दिया है। बता दें कि मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान के साले संजय सिंह ने BJP का साथ छोड़ते हुए कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने संजय सिंह को दिल्ली में पार्टी की सदस्यता दिलाई है।

सीएम शिवराज की पत्नी साधना सिंह के भाई संजय सिंह ने कांग्रेस का दामन थामते हुए BJP पर भाई-भतीजेवाद का आरोप भी लगाया है। वहीं दूसरी ओर सूत्रों के हवाले से यह खबर भी आ रही है कि अब संजय सिंह अपने ही जीजा को विधानसभा चुनाव में चुनौती देते दिखाई दे सकते हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि वह बुधनी सीट पर अपने जीजा सीएम शिवराज के खिलाफ चुनाव लड़ सकते हैं।

संजय सिंह ने BJP का साथ छोड़ते हुए कहा कि पार्टी के द्वारा कामदारों को किनारे किया जा रहा है, जबकि नामदारों को उतारा जा रहा है। BJP की पहली सूची पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता काम कर रहे हैं, उन्हें किनारे कर नेताओं के भाई-भतीजों को टिकट दिया गया है। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि BJP के लोग पूरी तरह से परिवारवाद में डूबे हुए हैं।

साथ ही संजय सिंह ने दिल्ली में पार्टी का दामन थामने हुए छिंदवाड़ा सांसद कमलनाथ की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि आज मध्य प्रदेश को शिवराज की नहीं नाथ की जरूरत है। छिंदवाड़ा में जो कमलनाथ ने किया वह काबिले तारीफ़ है। अब मध्य प्रदेश कमलनाथ के नाम से जाना जाएगा।

गौरतलब है कि संजय सिंह पहले अभिनेता भी रहे हैं। राजनीति में भी कभी-कभार ही सक्रिय नजर आते थे। हालांकि कांग्रेस उन पर निशाना साधती रही है, लेकिन अब कांग्रेस ने पूरी तरह समीकरण ही बदल दिया है। ऐसा माना जा रहा है कि संजय सिंह बिना शर्त पर कांग्रेस में नहीं आए होंगे। मतलब चुनाव के दौरान या बाद में कांग्रेस कुछ बड़ा दाव खेल सकती है।

Tags:    

Similar News